बुमराह का बड़ा कारनामा: इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में पूरे किए 500 अंतरराष्ट्रीय विकेट
स्टार भारतीय पेसर और मौजूदा दौर के दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में शुमार जसप्रीत बुमराह ने टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल के दौरान एक अहम उपलब्धि हासिल की।
ऐसी उपलब्धि जो उनसे पहले भारत के सिर्फ 7 गेंदबाजों ने ही हासिल की थी। इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में भारत की जीत के इस हीरो ने मैच की अपनी पहली ही गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का विकेट चटकाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना 500वां विकेट पूरा किया।
जसप्रीत बुमराह को हालांकि उसके बाद इस मैच में कोई और विकेट नहीं मिला लेकिन उनकी गेंदबाजी ने भारत के लिए फाइनल का टिकट कटाने में अहम योगदान दिया। उन्होंने 4 ओवर में 33 रन देकर 1 विकेट झटके।
254 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने करोड़ों भारतीयों की सांसें अटका दी थी। आखिरी 3 ओवर में उसे जीत के लिए 45 रनों की जरूरत थी और खूंखार अंदाज में खेल रहे जैकब बेथेल तब 94 रन और सैम करन 14 रन पर नाबाद थे।

जसप्रीत बुमराह ने भारत की तरफ से 18वां और अपने कोटे का आखिरी ओवर फेंका। उस एक ओवर ने अचानक मैच का रुख भारत की तरफ पलट दिया। जब बेथेल सिर्फ चौकों-छक्कों में डील कर रहे थे उस वक्त बुमराह ने उस ओवर में एक भी बाउंड्री नहीं दी। उन्होंने सिर्फ 6 रन दिया।
उसके बाद इंग्लैंड दबाव में आ गया। उसे आखिरी 12 गेंदों में 39 रन चाहिए थे। 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने सिर्फ 9 रन दिए और एक विकेट भी हासिल किया। आखिरकार भारत ने रोंगटे खड़े कर देने वाले इस मैच में 7 रन से जीत हासिल की।
भारत की इस जीत में जसप्रीत बुमराह की भूमिका कितनी अहम थी, उसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए संजू सैमसन ने प्रजेंटेशन के दौरान सीधे-सीधे कह दिया कि सारा श्रेय बुमराह को जाता है। सैमसन ने 89 रन की जबरदस्त पारी खेली थी जिसकी बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था।
जसप्रीत बुमराह के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने 23 जनवरी 2016 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था।
अब वह 500 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले भारत के आठवें गेंदबाज बन चुके हैं। उनसे पहले अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, हरभजन सिंह, कपिल देव, रविंद्र जडेजा, जहीर खान और जवागल श्रीनाथ 500 या उससे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय विकेट ले चुके हैं।
जसप्रीत बुमराह अभी 32 वर्ष के हैं। उन्होंने अब तक 52 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम 234 विकेट दर्ज हैं। इसी तरह बुमराह ने अब तक 89 ओडीआई खेले हैं जिनमें उनके नाम 149 विकेट दर्ज हैं। टी20 इंटरनेशनल में जसप्रीत बुमराह के नाम 94 मैचों में 117 विकेट हैं। वह तीनों ही फॉर्मेट में खुद को दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में साबित किया है।
टी20 विश्व कप 2026 में जसप्रीत बुमराह ने अब तक 7 मैचों में 10 विकेट हासिल किए हैं। सुपर 8 में भी वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वार्टर फाइनल सरीखे मुकाबले में बुमराह ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वह इस महत्वपूर्ण मैच में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।
अब 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भारतीय गेंदबाजी का दारोमदार फिर उनके मजबूत कंधों पर होगा।



