Trending

ईडन गार्डन्स में फाइनल की टिकट के लिए जंग, अजेय दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच बुधवार को ईडन गार्डन्स में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 का सेमीफाइनल-1 मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम 8 मार्च को खिताबी मुकाबले में उतरेगी। दोनों टीमों का अब तक का अभियान बेहद शानदार रहा है।

ब्लैक कैप्स ने अपने सुपर 8 ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप 1 में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए दबदबा कायम रखा। उसने भारत और वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीमों को भी हराया है। यह टीम टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है।

मौसम की बात करें तो मुकाबले के दौरान बारिश की संभावना काफी कम है। शहर में आसमान साफ रहने का अनुमान है। ‘एक्यूवेदर’ के अनुसार मैच की शुरुआत में तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जो शाम तक घटकर करीब 23 डिग्री सेल्सियस हो सकता है।

पिच रिपोर्ट पर नजर डालें तो इस टूर्नामेंट में ईडन गार्डन्स पर खेले गए पिछले दो मुकाबलों में पिच काफी सपाट रही है। साथ ही, छोटी बाउंड्री और बेहद तेज आउटफील्ड के कारण गेंदबाजों के लिए गलती की गुंजाइश बहुत कम रहती है।

साभार : गूगल

ऐसे में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 200 से अधिक का स्कोर खड़ा करने का लक्ष्य रखेगी। जिस पिच पर भारत और वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का निर्णायक मुकाबला खेला गया था, उसी पिच पर यह सेमीफाइनल-1 भी आयोजित होगा। इससे स्क्वायर बाउंड्री की दूरी लगभग समान रहेगी।

सतह एक बार फिर सूखी नजर आ रही है। यहां खेले गए पिछले 19 मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 162 रहा है, जबकि दूसरी पारी का औसत 143 रहा है।

आईसीसी ने सेमीफाइनल और फाइनल के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। निर्धारित दिन पर 90 मिनट का अतिरिक्त समय रखा गया है। यदि 4 मार्च को दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पहला सेमीफाइनल पूरी तरह बारिश के कारण रद्द हो जाता है, तो मुकाबला रिजर्व डे यानी 5 मार्च को वहीं से शुरू होगा, जहां से खेल रोका गया था।

Related Articles

Back to top button