सुपर-8 में श्रीलंका की मुश्किलें बढ़ीं, न्यूजीलैंड ने 61 रन से जीत दर्ज की
टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में बुधवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रन से हराया। इस हार के साथ ही श्रीलंकाई टीम की खिताबी दौड़ लगभग खत्म हो गई है, क्योंकि उसने सुपर-8 के शुरुआती दोनों मैच गंवा दिए हैं।
इससे पहले श्रीलंका को इंग्लैंड के खिलाफ 51 रन से हार का सामना करना पड़ा था। ग्रुप-1 की स्थिति पर नजर डालें तो इंग्लैंड ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल का रास्ता लगभग तय कर लिया है। वहीं, न्यूजीलैंड 2 मैचों में 3 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान 1 अंक के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद है।
श्रीलंका 28 फरवरी को इस विश्व कप में अपना अंतिम सुपर-8 मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी, जबकि न्यूजीलैंड 27 फरवरी को इंग्लैंड के साथ भिड़ेगा, जहां उसे नॉकआउट में पहुंचने के लिए जीत हासिल करनी होगी।
बुधवार के मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी न्यूजीलैंड टीम ने 7 विकेट खोकर 168 रन बनाए। सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। टिम सीफर्ट और फिन एलन ने 3.1 ओवर में 30 रन की साझेदारी की, जिसमें एलन ने 23 रन और सीफर्ट ने 8 रन बनाए।

इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने रचिन रवींद्र के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 रन जोड़े। रवींद्र 32 रन बनाकर आउट हुए। टीम इसके बाद 84 रन पर 6 विकेट खोकर कमजोर स्थिति में थी, लेकिन कप्तान मिचेल सेंटनर (47) और कोल मैककोन्ची (नाबाद 31) ने सातवें विकेट के लिए 84 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
श्रीलंका से महेश थीक्षाना और दुष्मंथा चमीरा ने 3-3 विकेट झटके, जबकि डुनिथ वेललेज ने 1 विकेट हासिल किया। श्रीलंका की बल्लेबाजी न्यूजीलैंड की घातक गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 107 रन ही बना सकी।
पथुम निसांका पहले ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद टीम ने 6 के स्कोर पर चरिथ असलांका (5) का विकेट भी खो दिया। पवन रत्नायके और कुसल मेंडिस ने तीसरे विकेट के लिए 21 रन जोड़े, लेकिन निरंतर विकेट गिरने से टीम संघर्ष करती रही।

रत्नायके ने 10 रन और मेंडिस ने 23 गेंदों में 4 चौकों से 31 रन बनाए। डुनिथ वेललेज ने 29 रन जोड़कर कुछ देर टीम को संभाला, लेकिन यह शर्मनाक हार रोक नहीं पाया। न्यूजीलैंड से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रचिन रवींद्र रहे, जिन्होंने 27 रन खर्च करके 4 विकेट हासिल किए। मैट हैनरी ने 2 विकेट और कप्तान मिचेल सेंटनर ने 1 सफलता पाई।



