इटली क्रिकेट को बड़ा झटका, महिला खिलाड़ी ने लगाया यौन शोषण का आरोप
इस बार पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेकर इतिहास रचने के बाद, इटली क्रिकेट अब एक गंभीर आरोप के चलते सुर्खियों में है। एक महिला क्रिकेट खिलाड़ी ने क्रिकेट इटली के एक उच्च पदाधिकारी पर यौन शोषण का आरोप लगाया है, जिससे यह प्रतिष्ठित संगठन नकारात्मक कारणों से चर्चा में आ गया है।
आरोपों के बाद महिला क्रिकेट के को-ऑर्डिनेटर प्रबाथ एक्नेलिगोडा को देश के क्रिकेट बोर्ड ‘द फेडरेशन क्रिकेट इटैलियाना’ (FCRI) ने सस्पेंड कर दिया है। FCRI की तरफ से जारी बयान में कहा गया है फेडरल प्रॉसिक्यूटर आरोपों की जांच करेगा। कथित यौन शोषण का ये मामला पिछले साल का है।
रिपोर्ट के अनुसार फेडरेशन ने अपने बयान में कहा है, ‘फेडरेशन पुष्टि करता है कि 2025 के दौरान फेडरेशन की अध्यक्ष ने एथलीट्स और इससे जुड़े दूसरे पक्षों की पूर्ण सुरक्षा की अपनी सांस्थानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए संबंधित व्यक्ति को हर तरह की फेडरल ड्यूटी और गतिविधियों से तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया है।’
बोर्ड ने बयान में बताया कि स्थितियों का पूरी तरह आकलन अभी नहीं किया गया है। सस्पेंशन का फैसला इसलिए लिया गया है ताकि अनावश्यक अटकलों पर रोक लगे और खेल के वातावरण की शुद्धता सुनिश्चित हो सके।
बोर्ड ने कहा है कि व्यक्तिगत गरिमा के पूर्ण सम्मान के साथ किसी भी तरह की फैक्ट-फाइंडिंग उचित फोरम में सुनिश्चित करने के लिए ये कदम उठाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्नेलिगोडा के वकील ने आरोपों को खारिज किया है और दावा किया है कि इसके पीछे कोई ‘स्वार्थपूर्ण मकसद’ है।

FCRI मीडिया मैनेजर रकबीर हसन ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो से पुष्टि की कि एक्नेलिगोडा ने बोर्ड अध्यक्ष मारिया लोरेना हैज पैज के साथ टी20 वर्ल्ड कप के लिे भारत और श्रीलंका का दौरा किया था लेकिन वह ऑफिशियल ड्यूटी से दूर रहे।
एफसीआरआई ने कहा कि आगे की प्रक्रिया फिलहाल फेडरल प्रॉसिक्यूटर के दफ्तर में चल रही है। यही दफ्तर मामले की पूरी जांच और कार्रवाई करेगा।
इटली की क्रिकेट टीम की बात करें तो उसने अपने विश्व कप डेब्यू में अच्छी छाप छोड़ी है। टी20 विश्व कप 2026 उसका पहला विश्व कप था और इस दौरान उसने नेपाल के खिलाफ 10 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। 124 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उसने बिना कोई विकेट खोए जीत हासिल कर ली थी।
इंग्लैंड के खिलाफ भी इटली के खिलाड़ियों का जुझारूपन दिखा। इंग्लैंड ने 202 रन बनाए थे और लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली ने इंग्लैंड टीम की सांसें अटका दी थी। बेन मनेंटी ने सिर्फ 25 गेंद में 60 रन की पारी खेली थी।
इटली की टीम हालांकि 178 रन पर सिमट गई। टीम भले ही सुपर 8 में नहीं पहुंच पाई लेकिन उसने पहले विश्व कप में उसने अपनी छाप जरूर छोड़ी।



