केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने तमिलनाडु के तूतीकोरिन में 21 परियोजनाओं का किया शुभारंभ

तूतीकोरिन : केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने सोमवार को वी.ओ. चिदंबरनार पोर्ट प्राधिकरण में विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इसके बाद उन्होंने बंदरगाह परिसर में स्थापित हेरिटेज म्यूज़ियम का उद्घाटन किया और स्कूली छात्राओं के साथ संग्रहालय का अवलोकन किया।
इस अवसर पर वी.ओ.सी. समुद्री विरासत संग्रहालय, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित बंदरगाह वर्चुअल मॉडल एप्लिकेशन सहित नौ परियोजनाओं, 12 करोड़ रुपये की ‘कोरकई’ पर्यटन परियोजना, बंदरगाह रेल माल यार्ड संपर्क सड़क उन्नयन समेत कुल 21 नई परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। साथ ही बंदरगाह की सामुदायिक विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न संस्थाओं को कल्याणकारी सहायता भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे और बंदरगाह विकास के लिए तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली परियोजनाएं लागू की जा रही हैं। सागरमाला योजना और अमृत भारत योजना के तहत बंदरगाहों को रेलवे से जोड़ने का कार्य तेज़ी से प्रगति पर है।
मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने बताया कि तमिलनाडु में वर्तमान में 12,600 करोड़ रुपये की लागत से 111 परियोजनाएं क्रियान्वयन में हैं। केंद्र सरकार ने तूतीकोरिन बंदरगाह को देश का पहला हरित (ग्रीन) बंदरगाह बनाने की योजना बनाई है। इसके लिए पवन और सौर ऊर्जा उत्पादन परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। बंदरगाह को हाइड्रोजन ऊर्जा हब के रूप में भी विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तूतीकोरिन में 30,000 करोड़ रुपये की लागत से नया शिपबिल्डिंग यार्ड स्थापित किया जाएगा। वहीं 15,000 करोड़ रुपये की बाह्य बंदरगाह विकास परियोजना के तहत बंदरगाह की गहराई 18 मीटर तक बढ़ाई जाएगी, जिससे बड़े जहाजों के आवागमन की सुविधा मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच के अनुरूप वर्ष 2030 के लिए समुद्री व्यापार योजना तथा वर्ष 2047 के विकास लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप 2030 तक भारतीय बंदरगाहों की कार्गो हैंडलिंग क्षमता 10,000 मिलियन टन तक पहुंचाने का लक्ष्य है। साथ ही 2070 तक भारत को ‘कार्बन उत्सर्जन मुक्त’ राष्ट्र बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।
इस कार्यक्रम में विधायक एवं तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नयनार नागेन्द्रन, वी.ओ.सी. बंदरगाह प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशांत कुमार पुरोहित, बंदरगाह सचिव मोहन कुमार सहित कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी उपस्थित थे।



