Trending

सुपर आठ में बड़ा उलटफेर, दक्षिण अफ्रीका ने तोड़ी भारत की लय

मिलर का तूफान, यानसेन का कहर से 76 रन से हासिल की जीत

डेविड मिलर के तूफानी अर्धशतक और मार्को यानसेन की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण के एकतरफा मैच में रविवार को भारत को 76 रन से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट में उसके अजेय अभियान पर विराम लगा दिया।

भारत ने 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में आयोजित पिछले टी20 विश्व कप में बिना कोई मैच गंवाए खिताब जीता था, जबकि मौजूदा प्रतियोगिता में उसे पहली हार का सामना करना पड़ा। रनों के लिहाज से यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी पराजय भी है।

दक्षिण अफ्रीका द्वारा दिए गए 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम यानसेन (22 रन पर चार विकेट), केशव महाराज (24 रन पर तीन विकेट) और कोर्बिन बॉश (12 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.5 ओवर में 111 रन पर ढेर हो गई।

भारत से केवल शिवम दुबे (42 रन, 37 गेंद, तीन छक्के, एक चौका) ही 20 रन के पार पहुंच सके। मिलर ने 35 गेंदों पर तीन छक्कों और सात चौकों से 63 रन बनाए। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन, 29 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 51 गेंदों में 97 रन की अहम साझेदारी की।

Getty Images

इस साझेदारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 20 रन पर तीन विकेट गंवाने के बावजूद सात विकेट पर 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

ट्रिस्टन स्टब्स ने भी 24 गेंदों पर तीन छक्कों और एक चौके से नाबाद 44 रन बनाए। भारत से जसप्रीत बुमराह ने 15 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह ने 28 रन देकर दो विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती को एक विकेट मिला, लेकिन उन्होंने चार ओवर में 47 रन खर्च किए। हार्दिक पंड्या ने भी चार ओवर में 45 रन दिए और कोई सफलता हासिल नहीं कर सके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पांच रन के भीतर ही अच्छी फॉर्म में चल रहे इशान किशन (00) और तिलक वर्मा (01) के विकेट गंवा दिए।

Getty Images

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने स्पिन के साथ खुद गेंदबाजी की शुरुआत की और पारी की चौथी गेंद पर ही इशान को मिड ऑफ पर रेयान रिकेल्टन के हाथों कैच करा दिया। यानसेन के अगले ओवर में तिलक ने विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को कैच थमा दिया।

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (15) ने मार्करम पर चौका लगाकर टूर्नामेंट में अपना खाता खोला। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने यानसेन पर दो चौकों के साथ पारी की शुरुआत की।

अभिषेक ने कागिसो रबाडा पर चौका और छक्का जड़ा, लेकिन इसके बाद यानसेन की गेंद पर हवा में शॉट खेल बैठे और बॉश ने शानदार कैच लपका। भारत ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 31 रन बनाए। बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए वाशिंगटन सुंदर (11) ने महाराज पर छक्का लगाया, लेकिन बॉश की गेंद पर डिकॉक को कैच देकर लौट गए।

बॉश के अगले ओवर में सूर्यकुमार ने मिडविकेट पर ब्रेविस को कैच थमा दिया, जिससे भारत का स्कोर 51 रन पर पांच विकेट हो गया। पंड्या और दुबे ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन बड़े शॉट नहीं लगा सके और आवश्यक रन गति बढ़ती गई।

पंड्या दबाव में महाराज की गेंद पर बाउंड्री पर स्टब्स को कैच दे बैठे। अगली ही गेंद पर रिंकू सिंह (00) भी लॉन्ग ऑफ पर कैच आउट हो गए। एनगिडी के बजाय यहां स्टब्स ने ही एक और कैच लपका जब अर्शदीप सिंह (01) भी आउट हो गए। भारत ने 15वें ओवर में तीन विकेट गंवा दिए।

आखिरी पांच ओवर में भारत को 100 रन की दरकार थी। दुबे ने रबाडा पर लगातार दो छक्के लगाकर 16वें ओवर में टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया, हालांकि इसी ओवर में मिलर ने उनका कैच छोड़ दिया।

अगले दो ओवर में सिर्फ चार रन बने और हार तय हो गई। दुबे 19वें ओवर में यानसेन की गेंद पर एनगिडी को कैच दे बैठे, जबकि अगली गेंद पर बुमराह भी आउट हो गए और भारतीय पारी समाप्त हो गई। इससे पहले मार्करम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम ने 20 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए।

बुमराह ने दूसरे ओवर में डिकॉक (06) को बोल्ड किया, जबकि अर्शदीप ने अगले ओवर में मार्करम (04) को मिड ऑफ पर पंड्या के हाथों कैच कराया। रिकेल्टन (07) ने अर्शदीप पर छक्का लगाया, लेकिन अगले ओवर में बुमराह की गेंद को मिड ऑफ पर दुबे के हाथों खेल बैठे। इसके बाद मिलर और ब्रेविस ने पारी को संभाला और तेज गति से रन बटोरे।

मिलर ने चक्रवर्ती पर लगातार दो चौके जड़े और फिर अर्शदीप पर भी दो चौके लगाए। दक्षिण अफ्रीका ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 41 रन बनाए। मिलर ने चक्रवर्ती के अगले ओवर में छक्का लगाया, जबकि ब्रेविस ने भी इसी स्पिनर पर चौका और छक्का जड़ा।

मिलर ने पंड्या और ब्रेविस ने दुबे की गेंदों पर भी छक्के लगाए। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 12वें ओवर में 100 रन के पार पहुंचा। ब्रेविस ने दुबे पर अपना तीसरा छक्का जड़ा, लेकिन अगली गेंद पर डीप मिडविकेट पर अभिषेक के हाथों कैच हो गए।

मिलर ने दुबे के उसी ओवर में छक्का लगाकर 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। स्टब्स ने भी चक्रवर्ती पर छक्का लगाया, लेकिन मिलर लॉन्ग ऑफ पर तिलक वर्मा को कैच दे बैठे। यानसेन भी दो रन बनाकर अर्शदीप की गेंद पर रिंकू सिंह को कैच दे बैठे। स्टब्स ने अंतिम ओवर में पंड्या पर एक चौका और दो छक्के लगाकर टीम का स्कोर 190 रन के करीब पहुंचा दिया।

Related Articles

Back to top button