ईस्ट बंगाल की धमाकेदार वापसी, एज़ेज़्ज़ारी के दो गोल से एससी दिल्ली को 4-1 से रौंदा
इंडियन सुपर लीग
कोलकाता : ईस्ट बंगाल एफसी ने इंडियन सुपर लीग 2025-26 के गेम वीक 2 में शानदार वापसी करते हुए स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली को 4-1 से पराजित किया। शनिवार को विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (वीवाईबीके) में खेले गए मुकाबले में ‘रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड’ ने शुरुआती झटके के बाद लगातार दूसरा मैच जीतकर छह अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
ईस्ट बंगाल एफसी – 4 (एड मंडलाल रिंडिका 7’, यूसुफ एज़ेज़्ज़ारी 12’ पेनल्टी, 40’, मिगुएल फिगुएइरा 90+5’)
एससी दिल्ली ने खेल के चौथे मिनट में खेल की धारा के विपरीत बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन एडमंडलाल रिंडिका ने तीन मिनट बाद बराबरी कर दी।
12वें मिनट में यूसुफ एज़ेज़्ज़ारी ने पेनल्टी को गोल में बदलकर मेजबानों को आगे कर दिया और 40वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा। इंजरी टाइम में मिगुएल फिगुएइरा ने चौथा गोलकर जीत पर मुहर लगा दी। एज़ेज़्ज़ारी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

ईस्ट बंगाल के मुख्य कोच ऑस्करब्रुज़ोन ने अपनी शुरुआती एकादश में एक बदलाव करते हुए साउल क्रेस्पो की जगह एड मंडलाल रिंडिका को शामिल किया। वहीं एससी दिल्ली के कोच टोमाश त्खोर्ज़ ने देवेंद्र धाकू की जगह जोसेफ सनी को मौका दिया।
स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली – 1 (ऑगस्टीन लाल रोछाना 4’)
मुकाबला तेज रफ्तार के साथ शुरू हुआ। पहले ही मिनट में मिगुएल ने विशाल यादव की परीक्षा ली, जबकि जयगुप्ता का शॉट थोड़ी देर बाद बार के ऊपर चला गया। इसके बावजूद पहला गोल एससी दिल्ली ने किया। मोहम्मद ऐमन ने तेज काउंटर अटैक की अगुवाई करते हुए लाल रोछाना को पास दिया, जिन्होंने बॉक्स के अंदर से सटीक फिनिश किया।

ईस्ट बंगाल ने तुरंत जवाब दिया। सेट-पीस को क्लियर करने की कोशिश में एससी दिल्ली की रक्षा विफल रही और लाल रिंडिका ने बॉक्स के बाहर से जोरदार वॉली मारकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद क्लेरेंस फर्नांडिस की गलती से पेनल्टी मिली, जिसे एज़ेज़्ज़ारी ने शांतिपूर्वक गोल में बदलकर 2-1 की बढ़त दिलाई।
बढ़त के बावजूद ईस्ट बंगाल का दबाव जारी रहा। जयगुप्ता का हेडर करीब से बाहर गया, जबकि एज़ेज़्ज़ारी को विशाल यादव ने रोका। हाफ टाइम से पांच मिनट पहले मिगुएल के सटीक थ्रूबॉल पर एज़ेज़्ज़ारी ने गोलकीपर के पैरों के बीच से गेंद निकालकर स्कोर 3-1 कर दिया।

ब्रेक के बाद एससी दिल्ली ने वापसी की कोशिश की। मटिया बाबोविच और जोसेफ ने मौके बनाए, लेकिन प्रभसुखन गिल ने शानदार बचाव किया। मनोज मोहम्मद ने बाईं ओर से हमले तैयार किए, हालांकि अंतिम स्पर्श की कमी रही।

अंतिम चरण में ईस्ट बंगाल ने खेल की रफ्तार नियंत्रित रखी। गिल ने राम्हलुंचुंगा के प्रयास को नाकाम किया। इंजरी टाइम में फिगुएइरा ने बाएं पैर से शानदार कर्लिंग शॉट लगाकर स्कोर 4-1 कर दिया और मेजबानों की जीत सुनिश्चित कर दी। इस जीत के साथ ईस्ट बंगाल एफसी दो मैचों में छह अंकों के साथ अस्थायी रूप से अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।



