टी20 वर्ल्ड कप : एडम जैंपा का शानदार प्रदर्शन, POTM अवॉर्ड से बने रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया ने अपने ही अंदाज में टी20 वर्ल्ड कप 2026 कैंपेन का अंत किया। जिम्बाब्वे और श्रीलंका से हारकर ग्रुप स्टेज से ही बाहर होने वाली ऑस्ट्रेलिया ने ओमान के खिलाफ अपना आखिरी मैच 9 विकेट से जीता।
ऑस्ट्रेलिया की इस जीत के हीरो स्पिनर एडम जैंपा रहे, जिन्होंने 3.2 ओवर में मात्र 21 रन खर्च कर 4 विकेट लिए। उनकी इस धाकड़ गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ओमान को 104 के स्कोर पर ढेर कर पाया।
बाद में कंगारुओं ने 9.4 ओवर में इस स्कोर का पीछा कर मैच अपने नाम किया। एडम जैंपा को उनके इस धाकड़ प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। POTM जीतते ही जैंपा ने एक झटके में क्रिस गेल, महेला जयवर्धने और शेन वॉटसन जैसे दिग्गजों को पछाड़ दिया।
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अगर सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट पर नजर डालें तो एडम जैंपा अब दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अभी तक 25 मैचों में 6 बार ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम भूमिका निभाकर POTM का अवॉर्ड अपने नाम किया है। वहीं क्रिस गेल, महेला जयवर्धने और शेन वॉटसन ने अपने-अपने करियर में 5-5 बार यह कमाल किया था।

2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद ‘क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट’ T20I से रिटायरमेंट ले चुके विराट कोहली अभी भी इस लिस्ट में नंबर-1 हैं।
किंग कोहली ने अपने T20 वर्ल्ड कप करियर में खेले 35 मैचों में 8 बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था। एडम जैंपा अब कोहली से ज्यादा दूर नहीं है, मगर ऑस्ट्रेलिया का सफर इस वर्ल्ड कप में अब समाप्त हो चुका है। जैंपा 2028 में होने वाला टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं यह भी बड़ा सवाल है।
आईसीसी टूर्नामेंट में जैंपा का यह 8वां प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड है। ऑस्ट्रेलिया के लिए आईसीसी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा POTM जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में जैंपा ग्लेन मैक्ग्रा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनके आगे पूर्व हरफनमौला शेन वॉटसन है, जिन्होंने अपने करियर में 10 बार यह कारनामा किया था।
आईसीसी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज़्यादा POTM अवॉर्ड्स
10 – शेन वॉटसन
8 – एडम जैंपा*
8 – ग्लेन मैकग्राथ
7 – डेविड वॉर्नर
5 – एरॉन फिंच
4 – ट्रैविस हेड
4 – शेन वॉर्न
4 – ग्लेन मैक्सवेल
4 – मार्क वॉ
4 – डेविड बून



