Trending

साहिबजादा फहरान का शतक, नामीबिया को हराकर पाकिस्तान सुपर-8 में

पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 35वें मैच में नामीबिया को 102 रन से हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर दी है। अब पाकिस्तानी टीम की नजरें अगले बड़े मुकाबलों पर हैं, जहां 21 फरवरी को उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा, उसके बाद 24 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ टकराव होगा।

सुपर-8 में अपने अंतिम मैच में पाकिस्तान श्रीलंका से भिड़ेगी। सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में बुधवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ने 3 विकेट पर 199 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फहरान ने शानदार खेल दिखाते हुए 58 गेंदों में 4 छक्कों और 11 चौकों से नाबाद शतकीय पारी खेली। उन्होंने पहले विकेट के लिए सईम अयूब के साथ 40 रन की साझेदारी निभाई, जबकि कप्तान सलमान आगा के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 67 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

ICC/Getty Images

टीम ने अपने तीसरे विकेट को 118 रन पर गंवाया, लेकिन साहिबजादा ने शादाब खान के साथ चौथे विकेट के लिए केवल 40 गेंदों में 81 रन की अटूट साझेदारी करते हुए पाकिस्तान को 200 के पार स्कोर तक पहुंचाया।

कप्तान आगा ने 38 रन का योगदान दिया, जबकि शादाब खान ने 22 गेंदों में 36 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को शानदार अंत तक पहुँचाया। जवाब में नामीबिया की टीम 17.3 ओवरों में केवल 97 रन पर सिमट गई।

ICC/Getty Images

उनकी तरफ से लौरेन स्टीनकैंप ने 23 रन और अलेक्जेंडर वोल्शेंक ने 20 रन जोड़े, लेकिन बाकी कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। पाकिस्तान की गेंदबाजी ने विरोधियों को बुरी तरह दबाया – उस्मान तारिक ने 3.3 ओवर में 16 रन देकर 4 विकेट लिए, शादाब खान ने 3 विकेट झटके, और सलमान मिर्जा तथा मोहम्मद नवाज ने 1-1 विकेट जोड़े।

AFP/Getty Images

इस मुकाबले के नतीजे के साथ ही सुपर-8 की सभी टीमें तय हो गई हैं। पहले ग्रुप में भारत, जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने अपनी जगह पक्की की है। दूसरे ग्रुप से न्यूजीलैंड के अलावा इंग्लैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान सुपर-8 में जगह बनाने में सफल रहे हैं।

Related Articles

Back to top button