Trending

टी20 विश्व कप: आठवीं बार पाकिस्तान पर जीत, भारत ने सुपर आठ में बनाई जगह

इशान का तूफान, गेंदबाजों का कहर, टीम इंडिया की 61 रन से जीत

सलामी बल्लेबाज इशान किशन के तूफानी अर्धशतक और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने रविवार को आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर आठ चरण में जगह बनाई।

176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजों में हार्दिक पंड्या ने 16 रन देकर दो विकेट, वरुण चक्रवर्ती ने 17 रन देकर दो विकेट, जसप्रीत बुमराह ने 17 रन देकर दो विकेट और अक्षर पटेल ने 29 रन देकर दो विकेट झटके।

पाकिस्तान से उस्मान खान ने 44 रन बनाए, जबकि शाहीन शाह अफरीदी 23 रन बनाकर नाबाद रहे। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका। टी20 विश्व कप में भारत की पाकिस्तान के खिलाफ नौ मैचों में यह आठवीं जीत है, जबकि उसे सिर्फ एक बार हार मिली।

इशान किशन ने स्पिन के अनुकूल पिच पर 40 गेंदों में 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 77 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी की, जिससे भारत ने सात विकेट पर 175 रन बनाए।

ICC/Getty Images

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 और शिवम दुबे ने 27 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। रिंकू सिंह ने चार गेंदों में नाबाद 11 रन बनाकर अंतिम ओवर में टीम का स्कोर 170 के पार पहुंचाया। पाकिस्तान ने 18 ओवर स्पिन गेंदबाजों से कराए।

सईम अयूब ने 25 रन देकर तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। शाहीन शाह अफरीदी ने दो ओवर में 31 रन दिए और एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने दूसरे ओवर तक 13 रन पर तीन विकेट गंवा दिए।

हार्दिक पंड्या ने पहला ओवर मेडन फेंका और साहिबजादा फरहान को बिना खाता खोले मिड ऑन पर रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। बुमराह की पहली गेंद पर सईम अयूब ने छक्का लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर वह पगबाधा हो गए। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर कप्तान सलमान अली आगा ने 4 रन बनाकर मिड ऑन पर पंड्या को आसान कैच थमा दिया।

उस्मान खान ने पंड्या पर छक्के के साथ पारी की शुरुआत की और अक्षर पटेल पर लगातार दो चौके लगाए। हालांकि अक्षर ने इसी ओवर में बाबर आजम को 5 रन पर बोल्ड कर दिया। उस्मान ने अक्षर के अगले ओवर में भी दो चौके जड़े। पाकिस्तान का अर्धशतक आठवें ओवर में पूरा हुआ।

31 रन पर उस्मान को जीवनदान मिला जब अक्षर की गेंद पर तिलक वर्मा ने उनका कैच छोड़ दिया। इसके बावजूद अक्षर ने अगले ओवर में उन्हें इशान किशन के हाथों स्टंप करा दिया। उस्मान ने 34 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाया।

मोहम्मद नवाज 4 रन बनाकर कुलदीप यादव की फुलटॉस पर शिवम दुबे को कैच दे बैठे। शादाब खान भी तिलक वर्मा की पहली ही गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर दुबे के हाथों कैच आउट हुए। अंतिम पांच ओवर में पाकिस्तान को 82 रन की जरूरत थी।

वरुण चक्रवर्ती ने लगातार गेंदों पर फहीम (10) और अबरार अहमद (0) को आउट किया, जबकि हार्दिक पंड्या ने उस्मान तारिक (0) को बोल्ड कर भारत की जीत पक्की कर दी। इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

पहले ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा शून्य पर शाहीन शाह अफरीदी के हाथों कैच आउट हो गए। अभिषेक लगातार दूसरे मैच में खाता खोलने में असफल रहे। इशान किशन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया।

उन्होंने शाहीन की शुरुआती दो गेंदों पर छक्का और चौका जड़ा और फिर सलमान की गेंद पर भी बाउंड्री लगाई। तिलक वर्मा ने भी शाहीन पर चौका लगाया और लेग स्पिनर अबरार अहमद का स्वागत छक्के से किया।

पावर प्ले में इशान और तिलक ने सईम अयूब पर चौके लगाते हुए भारत का स्कोर एक विकेट पर 52 रन तक पहुंचाया। इशान ने अबरार पर लगातार तीन चौकों के साथ 27 गेंदों में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबलों का सबसे तेज अर्धशतक रहा।

अगले ओवर में उन्होंने शादाब खान की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़कर 17 रन बटोरे। हालांकि बाद में सईम की गेंद पर पीछे हटकर खेलने की कोशिश में वह बोल्ड हो गए।

तिलक वर्मा ने मोहम्मद नवाज पर छक्का लगाकर 12वें ओवर में भारत के 100 रन पूरे किए। पाकिस्तान को उस्मान तारिक (24 रन पर एक विकेट) से काफी उम्मीदें थीं, जिन्होंने हाथ बीच में रोककर गेंदबाजी की, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों को उन्होंने ज्यादा परेशान नहीं किया।

सईम अयूब ने तिलक वर्मा को पगबाधा कर तीसरा झटका दिया। तिलक ने 24 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाया। सूर्यकुमार यादव ने अबरार पर चौके से बाउंड्री का सूखा खत्म किया, जबकि शिवम दुबे ने उसी ओवर में छक्का जड़ा।

उस्मान तारिक ने सूर्यकुमार यादव को सईम के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार ने 29 गेंदों में तीन चौके लगाते हुए 32 रन बनाए। अंतिम ओवर में रिंकू सिंह ने शाहीन की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़कर स्कोर 170 के पार पहुंचाया, लेकिन अगली ही गेंद पर शिवम दुबे रन आउट हो गए।

Related Articles

Back to top button