Trending

टी20 विश्वकप: कोलंबो में भारत-पाकिस्तान महामुकाबले पर बारिश का साया

नई दिल्ली : आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में आज (रविवार) भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम में शाम 07 बजे से खेला जाएगा। हालांकि ग्रुप ‘ए’ के इस हाई-वोल्टेज मैच पर बारिश का साया मंडरा रहा है।

 

श्रीलंका के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, कोलंबो में स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर 2:00 बजे के बाद बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, कोलंबो में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

 

यदि बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया जाएगा। भारत और पाकिस्तान की टीमों ने अब तक टूर्नामेंट में दो-दो मैच खेले हैं और दोनों ने अपने सभी मुकाबले जीते हैं। भारत ने अमेरिका और नामीबिया को हराया है, जबकि पाकिस्तान ने नीदरलैंड और अमेरिका के खिलाफ जीत दर्ज की है।

 

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम चार अंकों और +3.050 के नेट रन रेट के साथ ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर है। पाकिस्तान की टीम के भी दो मैचों में जीत के साथ चार अंक हैं और +0.932 के नेट रन रेट के आधार पर दूसरे स्थान पर बनी हुई है।

 

दोनों प्रतिद्वंद्वियों के बीच यह मुकाबला न केवल रोमांचक होने की उम्मीद है बल्कि ग्रुप की अंक तालिका पर भी इसका बड़ा प्रभाव पड़ सकता है।

 

—————

Related Articles

Back to top button