भारत-पाकिस्तान मुकाबला, क्रिकेट और कूटनीति दोनों की परीक्षा
टी20 विश्व कप के सबसे प्रतीक्षित मैच में रविवार को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे, और इस बार मुकाबला सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है।
पिछले हफ्तों में राजनीतिक और प्रशासनिक झंझावातों के कारण पैदा हुआ गतिरोध अब ‘अस्थायी’ तौर पर हल हो गया है, जिससे मैदान पर खेल और रणनीति पर फोकस बढ़ गया है। पाकिस्तान ने शुरू में मैच के बहिष्कार का निर्णय लिया था, लेकिन अब “यू-टर्न” लेते हुए प्रेमदासा स्टेडियम पर खेलने का ऐलान किया।
इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद, बांग्लादेश और श्रीलंका क्रिकेट के बीच लंबी बातचीत का अहम रोल रहा। इस विवाद ने दक्षिण एशिया की पूरी क्रिकेट दुनिया को गतिशील रखा, क्योंकि प्रसारकों, प्रायोजकों और दर्शकों के लिए यह मैच किसी उत्सव से कम नहीं है।
विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजूर रहमान का आईपीएल करार कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ बीसीसीआई के निर्देश पर रद्द कर दिया गया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के प्रति एकजुटता दिखाते हुए मैच बहिष्कार का निर्णय लिया था। इसके बावजूद, दोनों टीमों के खिलाड़ी इसे सामान्य मैच बताकर माहौल को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।

मैच की पृष्ठभूमि और दोनों देशों की क्रिकेट प्रतिद्वंदिता को देखते हुए कोई भी टीम इसे हल्के में नहीं लेगी। हार का मतलब केवल अंक नहीं, बल्कि प्रशंसकों का असंतोष भी है, जो किसी भी खिलाड़ी या टीम के लिए भारी पड़ सकता है, खासकर जब टूर्नामेंट में अहम मुकाबले अभी आने बाकी हैं।
भारत की टीम के लिए फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मध्यक्रम में नजर आ रही है। अभिषेक शर्मा पेट की समस्या के कारण पिछले दो दिन अस्पताल में रहे और नामीबिया के खिलाफ नहीं खेल सके। उनके अनुपस्थित रहने पर टीम प्रबंधन संजू सैमसन या ईशान किशन और वॉशिंगटन सुंदर के संयोजन पर विचार कर रहा है।
सुंदर की आफ़ स्पिन क्षमता प्रेमदासा की धीमी पिच पर भारत के लिए फायदा दे सकती है। वहीं बायें हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को उतारना भी रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हो सकता है, खासकर बाबर आजम के खिलाफ उनके शानदार रिकॉर्ड और एशिया कप फाइनल में चार विकेट के प्रदर्शन को देखते हुए।
भारत की बल्लेबाजी विश्व कप से पहले मजबूत नजर आ रही थी, लेकिन टूर्नामेंट के दो मैचों में बल्लेबाजों का प्रदर्शन थोड़ी चिंता का विषय रहा। अमेरिका के खिलाफ छह विकेट 77 रन पर गिर गए, जबकि नामीबिया के खिलाफ डैथ ओवरों में चार रन के भीतर पांच विकेट गंवाने के बावजूद 200 से अधिक का स्कोर और 93 रन की जीत ने कमजोरियों को छुपा दिया।
सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और हार्दिक पंड्या ने संकटमोचक का काम किया, लेकिन बड़े टूर्नामेंट में टीम की सामूहिक मजबूती जरूरी है। पाकिस्तान कोलंबो में मैचों का अनुभव और पिच की जानकारी का फायदा उठा सकता है।
पिच धीमी और स्पिनर्स के अनुकूल है, और उनके पास उस्मान तारिक, सईम अयूब, अबरार अहमद, शादाब खान और मोहम्मद नवाज जैसे स्पिन विकल्प मौजूद हैं।
भारतीय बल्लेबाजों के सामने तारिक का विवादित गेंदबाजी एक्शन और पाकिस्तानी टीम की बैटिंग की जिम्मेदारी साहिबजादा फरहान और फहीम अशरफ पर होगी। भारत के पास जसप्रीत बुमराह से लेकर वरूण चक्रवर्ती तक मैच विजेता गेंदबाज हैं, और हरफनमौला शिवम दुबे की गेंदबाजी भी निर्णायक साबित हो सकती है।



