Trending

राउरकेला में भारत पर टूटा अर्जेंटीना का कहर, 0-8 से मिली करारी शिकस्त

भारतीय क्रिकेट टीम के लिए जहां गुरुवार की शाम सुहानी रही, भारतीय हॉकी टीम के लिए गुरुवार की शाम दुखद रही। इसके पीछे का कारण ये है कि भारतीय क्रिकेट टीम ने बड़ी जीत टी20 विश्व कप मैच में दर्ज की, जबकि हॉकी टीम को एफआईएच मेंस प्रो लीग के मैच में करारी शिकस्त मिली।

भारतीय हॉकी टीम को एफआईएच प्रो लीग के मैच में राउरकेला चरण में अर्जेंटीना से 0-8 से हार का सामना करना पड़ा। अर्जेंटीना के लिए टॉमस डोमेने ने अकेले चार गोल दागे। डोमेन ने मैच के 15वें, 20वें, 26वें और 60वें मिनट में अर्जेंटीना के लिए गोल दागे।

उनके अलावा टॉमस रुइज ने 14वें मिनट, लुसियो मेंडेज ने 22वें मिनट, इग्नासियो इबारा ने 25वें मिनट और निकोलस डेला टोरे ने मैच के 30वें मिनट गोल किए और अपनी टीम को एकतरफा जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

@TheHockeyIndia

भारत ने शुरुआत में बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक दबदबे के बाद उन्होंने पहले क्वार्टर के अंत में पेनल्टी स्ट्रोक मिलने पर बढ़त लेने का सुनहरा मौका गंवा दिया। हरमनप्रीत सिंह के प्रयास को अर्जेंटीना के गोलकीपर ने रोक दिया। इसके बाद अर्जेंटीना ने तुरंत गोल दाग दिया।

रुइज ने अपनी टीम को बढ़त दिला दी। मेहमान टीम ने जल्द ही अपनी बढ़त दोगुनी कर ली जब डोमेने ने सूरज करकेरा को छकाते हुए अपनी टीम को शुरुआती क्वार्टर में 2-0 की बढ़त दिला दी।

भारत ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत अच्छी की, जिसमें शिलानंद लाकड़ा और हरमनप्रीत सिंह को पेनल्टी कॉर्नर मिले। हालांकि, वे गोल नहीं कर पाए। ये एक चिंता का कारण भारतीय टीम के लिए था। इस मुकाबले में दूसरे क्वार्टर के बाद भी अर्जेंटीना ने दबाव बनाना जारी रखा। डोमेने ने बढ़त को तीन गुना कर दिया और मेंडेज ने जल्द ही चौथा गोल कर दिया।

इबारा ने पांचवां गोल किया, जबकि डोमेने ने जल्द ही अपनी हैट्रिक पूरी की। निकोलस डेला टोरे के गोल से अर्जेंटीना पहले हाफ में 7-0 से बढ़त बनाए था। भारत ने कुछ मौके बनाए, लेकिन गोल पोस्ट में एक बार भी गेंद को नहीं पहुंच पाए। अर्जेंटीना ने डोमेने के गोल से शानदार जीत दर्ज की।

अब शनिवार को भारत को राउरकेला में ही बेल्जियम से भिड़ना है। 15 फरवरी को फिर से अर्जेंटीना से दो-दो हाथ करना है। 21 फरवरी को टीम इंडिया स्पेन से मुकाबला खेलेगी।

Related Articles

Back to top button