Trending

मोस्का बंधुओं का धमाका, इटली ने नेपाल को 10 विकेट से रौंदा

टी20 विश्व कप

इटली ने टी20 विश्व कप डेब्यू में अपने दूसरे ही मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को ग्रुप सी मैच में नेपाल को 44 गेंद रहते 10 विकेट से रौंदकर आईसीसी टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।

इटली के स्पिनरों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए नेपाल को 19.3 ओवर में 123 रन पर समेट दिया। उसने एंथोनी मोस्का (नाबाद 62 रन) और जस्टिन मोस्का (नाबाद 60 रन) के बीच अटूट साझेदारी से 12.4 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।

मोस्का बंधुओं में से बड़े भाई एंथोनी ने नाबाद पारी में छह छक्के और तीन चौके जड़े जबकि छोटे भाई जस्टिन ने नाबाद पारी के दौरान तीन छक्के और पांच चौके जमाए। यह इटली के लिए टी20 विश्व कप इतिहास का दूसरा ही मैच था।

पिछले मैच में उसे कोलकाता में स्कॉटलैंड से 73 रन से हार मिली थी। इस मैच में नेपाल को जीत का दावेदार माना जा रहा था जिसने इसी स्थल पर इंग्लैंड को कड़ी चुनौती दी थी। उनका कोई भी बल्लेबाज इटली की सटीक स्पिन गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के सामने नहीं टिक सका।

Getty Images

नेपाल ने अपने सर्वश्रेष्ठ स्पिनर संदीप लामिचाने को इस्तेमाल में भी बहुत बाद में किया। आईपीएल सहित कई टी20 टूर्नामेंट खेल चुके लामिचाने को तब गेंदबाजी के लिए लगाया गया जब इटली के सलामी बल्लेबाज 58 रन बना चुके थे।

इटली के सलामी बल्लेबाजों ने प्रति ओवर करीब 10 रन बनाए और नेपाल किसी भी मौके का फायदा नहीं उठा सका जिससे वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद बड़ी संख्या में उसके प्रशंसकों को काफी निराशा हुई। इससे पहले यहां स्पिनरों का दबदबा जारी रहा जिसमें इटली के लिए बेन मानेंटी ने दो जबकि कृशन कालुगामागे ने तीन विकेट झटके।

सटीक लाइन एवं लेंथ के साथ इटली के क्षेत्ररक्षकों ने भी शानदार प्रदर्शन किया जिससे नेपाल के खिलाड़ी दबाव में रहे। नेपाल के लिए आरिफ शेख ने सर्वाधिक 27 रन और कप्तान रोहित पौडेल ने 23 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी जेजे स्मट्स ने टी20 विश्व कप में पदार्पण करने वाली टीम के लिए 22 रन देकर एक विकेट झटका।

मानेंटी ने पिच से पूरा फायदा उठाया जिससे उनके भाई हैरी का काम आसान हो जाएगा जिन्हें इटली के कप्तान वेन मैडसेन की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया गया जो कंधे की हड्डी खिसकने के कारण इस मैच में नहीं खेले।

मैडसेन की अनुपस्थिति बिलकुल नहीं खली। टीम ने अच्छा खेल दिखाया और कैच के मौकों को नहीं गंवाया। कालूगामागे ने दीपेंद्र सिंह ऐरी (17) को रांग उन पर आउट किया जबकि सलामी बल्लेबाज आसिफ शेख (20 रन) की पारी आठवें ओवर में मानेंटी ने खत्म की।

नेपाल का कोई भी बल्लेबाज इटली के आक्रमण का सामना नहीं कर सका। नेपाल यहां पिछले मैच में इंग्लैंड को हराने के बहुत करीब पहुंच गया था जिससे उससे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। सिर्फ कप्तान पौडेल ही थोड़ी देर तक टिककर खेल पाए और अपनी पारी के दौरान उन्होंने दो छक्के लगाए।

लेकिन कालूगामागे की गुगली पर कैच आउट हो गए। आरिफ शेख ने तीन चौके लगाए जबकि करण केसी ने नाबाद 18 रन बनाए। पारी का अंत कार्यवाहक कप्तान हैरी ने रन आउट करके किया जिससे नेपाल 19.3 ओवर में 123 रन पर सिमट गई।

Related Articles

Back to top button