श्रीलंका ने ओमान को 105 रन से रौंदा, टी20 विश्व कप में दर्ज की दूसरी जीत
पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में ग्रुप बी के मैच में श्रीलंका ने टी20 विश्व कप 2026 में ओमान को 105 रन के भारी अंतर से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
226 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का सामना करते हुए ओमान की बल्लेबाजी पूरी तरह से दबाव में दिखी और टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। मात्र 12 रन पर दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए, और तीसरे नंबर पर आए हम्माद मिर्जा भी केवल 9 रन बनाकर आउट हो गए।

इस कठिन स्थिति में चौथे और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए मोहम्मद नदीम और वसीम अली ने क्रीज पर टिकने की कोशिश की और चौथे विकेट के लिए 42 रन की पारी की सबसे बड़ी साझेदारी निभाई।
वसीम ने 27 रन बनाए, जबकि नदीम ने नाबाद 53 रन की पारी खेली। टीम का कोई भी अन्य बल्लेबाज दो अंकों के स्कोर तक नहीं पहुंच सका। ओमान 20 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 120 रन ही बना सकी और अंततः 105 रन से हार गई।

श्रीलंका के गेंदबाजों में दुश्मंथा चमीरा ने 2 विकेट, महिश तिक्षाणा ने 2 विकेट, दुनिथ वेलालागे ने 1 विकेट, दुशन हेमंथा ने 1 विकेट और कामिंदु मेंडिस ने 1 विकेट लिए। इससे पहले, ओमान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था।
श्रीलंका ने खराब शुरुआत के बावजूद पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान दासुन शनाका ने 50 रन बनाकर टीम को मजबूती दी।
यह अंतरराष्ट्रीय टी20 में श्रीलंका की तरफ से सबसे तेज अर्धशतक है। शनाका के अलावा, पवन रथनायके ने 60 रन बनाए, जबकि कुसाल मेंडिस ने 61 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।



