Trending

तारिक के एक्शन पर विवाद, अश्विन बोले- पाबंदियां सिर्फ गेंदबाजों पर क्यों?

पूर्व भारतीय क्रिकेटर आर. अश्विन ने पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक का समर्थन किया है, जो अपने गेंदबाजी एक्शन और रन-अप के दौरान रुकने के कारण आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।

अश्विन ने इसे लेकर कुछ अहम विचार व्यक्त किए हैं, जो गेंदबाजों के प्रति नियमों की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हैं। दरअसल, बुधवार को पूर्व क्रिकेटर श्रीवत्स गोस्वामी ने तारिक के रन-अप के दौरान रुकने पर चिंता जताई थी और इसे फुटबॉल के पेनल्टी नियम में बदलाव से जोड़ा।

गोस्वामी ने एक्स पर लिखा, “फुटबॉल में अब खिलाड़ी पेनल्टी रन-अप के दौरान रुक नहीं सकते। यह कैसे ठीक है? एक्शन- सब ठीक है, लेकिन रुकना? वह भी गेंद डालने के समय। इसे जारी नहीं रखा जा सकता।”

अश्विन ने इस पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि वह गोस्वामी से सहमत हैं कि फुटबॉल में इस प्रकार की इजाजत नहीं है, लेकिन फिर भी यह सवाल उठाया कि क्रिकेट में बल्लेबाज को स्विच-हिट या रिवर्स शॉट खेलने की इजाजत क्यों दी जाती है, जबकि गेंदबाजों पर इतने सख्त नियम होते हैं।

साभार : सोशल मीडिया

उन्होंने लिखा, “अगर बल्लेबाज बिना अंपायर या गेंदबाज को बताए स्विच-हिट कर सकता है, तो यह पाबंदियां सिर्फ गेंदबाजों पर क्यों? गेंदबाज को यह क्यों नहीं अनुमति मिलनी चाहिए कि वह अपनी गेंदबाजी की दिशा या हाथ बदले?”

अश्विन के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। इस पर उन्होंने फिर से स्पष्ट किया कि वह क्या कहने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने लिखा, “मैं इसे जितना हो सके साफ कर दूं। सबसे पहले, गेंदबाजी एक्शन की वैधता का निर्धारण केवल आईसीसी के गेंदबाजी एक्शन जांच केंद्र में ही किया जा सकता है।

दूसरा, 15-डिग्री नियम है, जिसके तहत गेंदबाज को अपनी कोहनी सीधी रखनी होती है, और यह ऑन-फील्ड अंपायर के लिए तय करना मुमकिन नहीं कि कोई गेंदबाज उस 15-डिग्री के अंदर गेंदबाजी कर रहा है या नहीं। इसका एकमात्र हल वास्तविक समय में जांच के लिए मशीन की व्यवस्था है।”

अश्विन ने यह भी कहा कि क्रीज पर रुकना अगर गेंदबाज का नियमित एक्शन है, तो वह पूरी तरह से वैध है और इसे ग्रे एरिया के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उनका यह बयान इस विषय पर एक नई बहस का हिस्सा बन गया, जिसमें गेंदबाजों को उनके एक्शन के लिए सीमित किया जाता है, जबकि बल्लेबाजों के लिए नियम थोड़े लचीले होते हैं।

उल्लेखनीय है कि तारिक को अपनी गेंदबाजी के लिए काफी आलोचनाएं मिली हैं, खासकर उनकी बांह में दिखने वाले मोड़ और रन-अप के दौरान रुकने की वजह से। पाकिस्तान की अमेरिका के खिलाफ 3 विकेट की शानदार गेंदबाजी के बाद उनके एक्शन को लेकर बहस फिर से गर्म हो गई है।

Related Articles

Back to top button