Trending

माइकल ब्रेसवेल की चोट से न्यूजीलैंड को बड़ा झटका, कोल मैककोन्ची बने रिप्लेसमेंट

न्यूजीलैंड ने मंगलवार को यूएई के खिलाफ 10 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह टूर्नामेंट में उनकी लगातार दूसरी जीत है। टूर्नामेंट का इतना शानदार आगाज करने वाली न्यूजीलैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है। उनके स्टार स्पिनर माइकल ब्रेसवेल चोट की वजह से टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि उन्हें पिंडली में चोट आई है, जिस वजह से वह टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। आईसीसी की मंजूरी के बाद न्यूजीलैंड ने माइकल ब्रेसवेल के रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया है। न्यूजीलैंड टीम में माइकल ब्रेसवेल की जगह कोल मैककोन्ची को ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर शामिल किया गया है।

आईसीसी रिलीज के अनुसार, न्यूजीलैंड को आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप 2026 कैंपेन के दौरान अपनी टीम में बदलाव करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। टूर्नामेंट की इवेंट टेक्निकल कमिटी ने न्यूज़ीलैंड टीम में माइकल ब्रेसवेल की जगह कोल मैककॉन्ची को ट्रैवलिंग रिज़र्व के तौर पर मंजूरी दे दी है।

ऑलराउंडर ब्रेसवेल को 8 फरवरी को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान सपोर्ट ड्यूटी करते समय चोट लग गई थी। न्यूजीलैंड ने अपने टी-20 वर्ल्ड कप कैंपेन की शुरुआत अफगानिस्तान पर पांच विकेट से जीत के साथ की। इसके बाद कीवी टीम ने यूएई पर एक और शानदार जीत हासिल की।

@ICC

न्यूज़ीलैंड के कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि ब्रेसवेल को खोना एक बहुत बड़ा झटका है। वाल्टर ने कहा, “हम सभी माइकल के लिए दुखी हैं। वर्ल्ड कप से बाहर होना वाकई बहुत मुश्किल होता है और मैं जानता हूं कि न्यूजीलैंड के लिए खेलना उसके लिए कितना मायने रखता है।

माइकल ने खुद को मौका देने के लिए बहुत मेहनत की थी लेकिन बदकिस्मती से उसे यह झटका लगा है। हम उसके जल्दी ठीक होने की दुआ करते हैं।”

न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप टीम: मिशेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी

ट्रैवलिंग रिजर्व: बेन सियर्स, कोल मैककॉन्ची

Related Articles

Back to top button