बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे बेन स्टोक्स, चोटों और प्रदर्शन की दवाब में
इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स के लिए मौजूदा समय चुनौतियों से भरा हुआ है। एक तरफ मैदान पर उनकी फिटनेस और फॉर्म को लेकर सवाल हैं, तो दूसरी ओर टीम के प्रदर्शन ने भी दबाव बढ़ा दिया है।
हाल ही में अभ्यास सत्र के दौरान उनके चेहरे पर गेंद लगने से गंभीर चोट लग गई थी, जिसके बाद उनका ऑपरेशन हुआ। अच्छी बात यह रही कि सर्जरी सफल रही। इसकी जानकारी खुद स्टोक्स ने इंस्टाग्राम पर ऑपरेशन के बाद अपनी तस्वीर साझा करते हुए दी। उन्होंने लिखा, “हो सकता है ऐसा न लगे, लेकिन सर्जरी सफल रही।”
स्टोक्स को यह चोट तब लगी, जब वह नेट्स के किनारे खड़े थे। इससे पहले भी वह चोट से जूझ रहे थे। पिछले महीने सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें और आखिरी एशेज टेस्ट के दौरान एडक्टर इंजरी के कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा था। इस नई चोट ने उनकी वापसी की राह और कठिन बना दी है।
स्टोक्स उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से हैं, जो आज भी टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता देते हैं। वनडे विश्व कप 2023 के बाद से उन्होंने इंग्लैंड के लिए सीमित ओवरों का कोई मुकाबला नहीं खेला है। उनका फोकस पूरी तरह टेस्ट क्रिकेट पर रहा है। हालांकि, लगातार चोटों ने उनकी योजनाओं पर असर डाला है।

अनुमान है कि स्टोक्स जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं। इससे पहले वह काउंटी चैंपियनशिप में डरहम के लिए खेलकर मैच फिटनेस हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि सक्रिय क्रिकेटर होने के बावजूद स्टोक्स के कोचिंग भूमिका निभाने की भी खबरें थीं। वह अबू धाबी में पाकिस्तान शाहीन के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए इंग्लैंड लायंस के कोचिंग स्टाफ में मोईन अली और एंड्रयू फ्लिंटॉफ के साथ शामिल होने वाले थे।
चयनकर्ताओं के अनुसार फरवरी और मार्च में होने वाली इस सीरीज में तीन टी20 मैचों के लिए 17 खिलाड़ियों की टीम और पांच 50-ओवर मैचों के लिए 16 खिलाड़ियों का ग्रुप चुना जाना है। स्टोक्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम को फिर से संतुलन और सफलता की राह पर लाना है।

उनका आक्रामक ‘बैजबॉल’ अंदाज छोटे मुकाबलों में प्रभावी रहा, लेकिन बड़ी टीमों के खिलाफ इसे झटके भी लगे हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज में 4-1 की हार के बाद स्टोक्स और मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम की जोड़ी की रणनीति पर सवाल खड़े हुए।



