Trending

हसरंगा की टी20 विश्व कप से छुट्टी, श्रीलंका की बढ़ी मुश्किलें

टी20 विश्व कप 2026 के सह-मेजबान श्रीलंका के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत के साथ ही मुश्किलें बढ़ गई हैं। टीम के सबसे अहम ऑलराउंड हथियार वानिंदु हसरंगा इंजरी के चलते पूरे विश्व कप से बाहर हो गए हैं, जिससे श्रीलंका की रणनीति और टीम संयोजन पर बड़ा असर पड़ा है।

हसरंगा को यह चोट कोलंबो में रविवार को आयरलैंड के खिलाफ खेले गए ग्रुप स्टेज मुकाबले के दौरान लगी थी। मैच के दौरान उनके हैमस्ट्रिंग में खिंचाव महसूस हुआ, जिसके बाद सोमवार को कराए गए एमआरआई स्कैन में बाएं हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट की पुष्टि हुई।

इसके बाद यूके के एक विशेषज्ञ द्वारा रिपोर्ट का आकलन किया गया और उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया गया। श्रीलंकाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस चोट की वजह से हसरंगा को करीब चार सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रहना होगा। ऐसे में उनका विश्व कप में आगे खेलना पूरी तरह असंभव हो गया है।

हसरंगा का बाहर होना श्रीलंका के लिए इसलिए भी बड़ा झटका है क्योंकि वह सिर्फ एक प्रभावशाली लेग स्पिनर ही नहीं, बल्कि निचले क्रम में मैच पलटने की क्षमता रखने वाले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने कई मौकों पर गेंद और बल्ले दोनों से टीम को जीत दिलाई है।

साभार : गूगल

आयरलैंड के खिलाफ पहले ही मैच में उन्होंने अपनी अहमियत साबित कर दी थी। हसरंगा ने 3 विकेट झटके और श्रीलंका की 20 रन की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। अब टीम मैनेजमेंट हसरंगा की जगह लेग स्पिनर दुशान हेमंथा को शामिल करने पर विचार कर रहा है।

31 वर्षीय हेमंथा ने अब तक श्रीलंका के लिए 5 वनडे और 3 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके नाम कुल 6 विकेट दर्ज हैं। ग्रुप स्टेज में श्रीलंका का अगला मुकाबला 12 फरवरी को पल्लेकेले में ओमान के खिलाफ होगा। इसके बाद 16 फरवरी को उसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया से भिड़ंत होगी, जबकि आखिरी ग्रुप मैच 19 फरवरी को कोलंबो में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला जाएगा।

इससे पहले श्रीलंका ने अपने पहले मुकाबले में आयरलैंड को 20 रन से हराकर टूर्नामेंट की जीत के साथ शुरुआत की थी। खराब शुरुआत के बाद कामिंडू मेंडिस की 44 रन की तूफानी पारी और कुसल मेंडिस के नाबाद 56 रन से श्रीलंका ने 6 विकेट पर 163 रन बनाए थे।

164 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड की टीम रॉस एडेयर (34 रन) और हैरी टेक्टर (40 रन) की संघर्षपूर्ण पारियों के बावजूद 19.5 ओवर में 143 रन पर सिमट गई थी।

Related Articles

Back to top button