Trending

क्रिकेट बना कूटनीति का सेतु: भारत-पाक टी-20 मुकाबले को मिली हरी झंडी

क्रिकेट एक बार फिर दक्षिण एशिया में कूटनीति का सेतु बनता दिख रहा है। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ का सार्वजनिक रूप से धन्यवाद किया है, क्योंकि पाकिस्तान ने अपने पहले के रुख से पीछे हटते हुए भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप का तय मुकाबला खेलने की अनुमति दे दी है। यह हाई-वोल्टेज मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा।

राष्ट्रपति दिसानायके ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि वह इस बात से बेहद खुश हैं कि क्रिकेट प्रेमियों द्वारा लंबे समय से इंतज़ार किया जा रहा यह मुकाबला अपने तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगा।

उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का धन्यवाद, जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि जिस खेल से हम सभी प्यार करते हैं, वह चलता रहे। खुशी है कि कोलंबो में चल रहे टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मैच प्लान के मुताबिक होगा।” उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि टूर्नामेंट के को-होस्ट के रूप में श्रीलंका, आईसीसी और सभी संबंधित पक्षों के प्रयासों का आभार व्यक्त करता है।

साथ ही उन्होंने 1996 विश्व कप का ज़िक्र करते हुए कहा कि श्रीलंका भारत और पाकिस्तान द्वारा उस समय दिखाई गई एकजुटता को नहीं भूला है, जब सुरक्षा चिंताओं के चलते अन्य देशों के हटने के बावजूद दोनों टीमों ने कोलंबो में मैच खेले थे।

साभार : गूगल

दरअसल, इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने के संकेत दिए थे। इसके पीछे वजह बताई गई थी कि पाकिस्तान बांग्लादेश के समर्थन में यह कदम उठा रहा है।

बांग्लादेश को टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया गया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत के खिलाफ अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया।

@anuradisanayake

जब पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की धमकी दी, तो आईसीसी ने इस पर सख़्त रुख अपनाया। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और श्रीलंका सरकार ने पाकिस्तान से अपना फैसला बदलने की अपील की।

इन कूटनीतिक अपीलों और लगातार बातचीत के बाद प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने आखिरकार पाकिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ मैदान में उतरने की अनुमति दे दी। पाकिस्तान सरकार ने साफ किया कि यह फैसला बांग्लादेश और श्रीलंका के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

सोमवार रात जारी एक आधिकारिक बयान में पाकिस्तान सरकार ने कहा, “कई देशों की बातचीत में मिले नतीजों और दोस्त देशों के अनुरोध को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान की नेशनल क्रिकेट टीम को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में अपने तय मैच के लिए 15 फरवरी को मैदान में उतरने का निर्देश देती है।”

फिलहाल पाकिस्तान की टीम श्रीलंका में ही मौजूद है और वह ग्रुप ए में अपना दूसरा मुकाबला मंगलवार को संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ खेलेगी।

Related Articles

Back to top button