आखिरी ओवर तक चला मुकाबला, पाकिस्तान ने नीदरलैंड को 3 विकेट से हराया
टी20 वर्ल्ड कप
टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड को सिर्फ 3 विकेट से मात देते हुए अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड की टीम 19.5 ओवर में 147 रन पर ऑल-आउट हो गई।
टीम की शुरुआत तेज थी, जहां सलामी बल्लेबाज माइकल लेविट और मैक्स ओ’डॉउड ने पहले 3.1 ओवर में 28 रन जोड़े। ओ’डॉउड 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि लेविट ने 24 रन बनाए। हालांकि, 31 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो गए।
इसके बाद बास डी लीडे ने कॉलिन एकरमैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 34 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। एकरमैन 20 रन बनाकर आउट हुए। बास डी लीडे ने कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के साथ चौथे विकेट के लिए 40 रन जोड़कर टीम को 100 के पार पहुंचाया।
कप्तान एडवर्ड्स ने सर्वाधिक 37 रन बनाये, जबकि बास डी लीडे 30 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तानी गेंदबाजों में सलमान मिर्जा ने 3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद और सईम अयूब ने 2-2 विकेट लिए। शाहीन अफरीदी को 1 विकेट मिला।

पाकिस्तान ने 19.3 ओवर में 7 विकेट पर 148 रन बनाकर मैच जीता। शुरुआती झटके जल्दी लगे, जब सईम अयूब 24 रन बनाकर 27 के स्कोर पर आउट हुए। इसके कुछ देर बाद कप्तान सलमान आगा भी 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
टीम ने 53 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो दिए। फिर साहिबजादा फरहान और बाबर आजम ने तीसरे विकेट के लिए 38 गेंद में 45 रन की साझेदारी कर टीम को 98 तक पहुँचाया।
फरहान ने 47 रन बनाए, इसके बाद विकेटों का झड़ना शुरू हुआ और पाकिस्तान ने 114 रन तक अपने सात विकेट गंवा दिए। आखिरी ओवर में फहीम अशरफ (नाबाद 29) और शाहीन अफरीदी (नाबाद 5) ने 20 गेंदों में 34 रन की निर्णायक साझेदारी कर टीम को रोमांचक जीत दिलाई।
पाकिस्तान को अंतिम 2 ओवरों में 29 रनों की जरूरत थी, और 18.2 ओवर में फहीम अशरफ को जीवनदान मिला, जिसे उन्होंने भुनाकर टीम को जीत दिलाई। आर्यन दत्त और पॉल वैन मीकेरेन ने 2-2 विकेट लिए, जबकि लोगान वैन बीक, काइल क्लेन और रोएलोफ वैन डेर मेर्वे ने 1-1 विकेट अपने नाम किए।



