टी20 वर्ल्ड कप 2026: न्यूजीलैंड की टीम को दो बड़े झटके, कॉनवे और रविंद्र बीमार
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले न्यूजीलैंड टीम को एक बड़ा झटका लगा है। यूएसए के खिलाफ न्यूजीलैंड की टीम को टी20 विश्व कप की अपनी तैयारियों को पुख्ता करने का मौका है, लेकिन इससे पहले दो बड़े खिलाड़ी बीमार पड़ गए हैं।
हालांकि, अच्छी बात ये है कि दोनों खिलाड़ी टी20 विश्व कप के लीग मैच से पहले फिट हो सकते हैं। ये खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि टॉप ऑर्डर बैटर डेवन कॉनवे और रचिन रविंद्र हैं, जो भारत की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं।
न्यूजीलैंड की टीम के हेड कोच रॉब वाल्टर ने जानकारी दी है कि रचिन और कॉनवे यूएसए के खिलाफ आज यानी गुरुवार 5 फरवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले जाने वाले वार्मअप मैच से बाहर हो गए हैं। दोनों बीमार हैं। हालांकि, दोनों खिलाड़ी टी20 विश्व कप 2026 के पहले मैच के लिए फिट हो जाएंगे। कोच ने बताया है कि रचिन रविंद्र थोड़े ज्यादा बीमार हैं।
न्यूजीलैंड की टीम का पहला मुकाबला भारत और श्रीलंका में 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप में 8 फरवरी को अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेलना है। न्यूजीलैंड टीम ग्रुप डी में है, जिसमें उनके अलावा अफगानिस्तान, यूएई, साउथ अफ्रीका और कनाडा की टीम है। अब ये ग्रुप ग्रुप ऑफ डेथ कहा जा रहा है, क्योंकि सुपर 8 के लिए तीन दावेदार इस ग्रुप से नजर आ रहे हैं।

न्यूजीलैंड की टीम को चुनौतियों का सामना जरूर करना होगा। अफगानिस्तान की टीम के पास अच्छे स्पिनर हैं, जो साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड जैसी टीमों को धराशायी कर सकते हैं। ऐसे में कीवी टीम को बचकर रहना होगा। पहले ही मैच में अफगानिस्तान से न्यूजीलैंड को दो-दो हाथ करना है।
फिन एलेन भी शोल्डर इंजरी से परेशान हैं, लेकिन वे वार्मअप मैच में बल्लेबाजी करते हुए नजर आएंगे। जेम्स नीशर इंडिया के दौर पर बीमार पड़ गए थे। न्यूजीलैंड की टीम ने हाल ही में भारत के खिलाफ 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में हिस्सा लिया था, जिसमें भारत ने 4-1 से जीत दर्ज की थी। ऐसे में टी20 विश्व कप कीवी टीम के लिए बहुत कठिन होने वाला है।



