योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप पांच फरवरी से
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में जनपद लखनऊ के सचिव एवं ख्याति प्राप्त बैडमिंटन खिलाड़ी स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में आयोजित योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 5 फरवरी से 8 फरवरी तक किया जा रहा है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता बीबीडी यूपी बैडमिंटन एकेडमी, विपिन खण्ड, गोमती नगर, लखनऊ स्थित अत्याधुनिक बैडमिंटन हाल में आयोजित होगी।
प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 35 वर्ष आयु वर्ग से लेकर 80 वर्ष आयु वर्ग तक के लगभग 250 खिलाड़ी एवं 15 ऑफिशियल्स प्रतिभाग करेंगे। उक्त प्रतियोगिता के आधार पर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में भाग लेने वाली यूपी टीम का चयन होगा जो कि 18 मार्च से 25 मार्च तक गोवा में आयोजित होगी।
इस चैंपियनशिप का उद्देश्य वेटरन खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना, खेल भावना को प्रोत्साहित करना तथा स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी के बैडमिंटन में योगदान हेतु श्रद्धांजलि अर्पित करना है। स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी का सम्पूर्ण जीवन बैडमिंटन खेल को समर्पित रहा है।



