मोटरसाइकिल चोरी के सात आरोपित गिरफ्तार, 25 मोटरसाइकिल बरामद

रायगढ़ : रायगढ़ पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें बाजार में बेचने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का आज रविवार काे खुलासा किया है। कार्रवाई में गिरोह के मुख्य माेटरसाइकिल चोर मुकेश चौहान समेत कुल सात आरोपिताें को गिरफ्तार कर 25 चोरी की माेटरसाइकिल, एक एप्पल लैपटॉप और एक कलर प्रिंटर बरामद किया गया है। गिरोह का एक सदस्य पहले ही जेल में निरुद्ध है।
संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए एसएसपी द्वारा सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना पूंजीपथरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने दो चोरी की माेटरसाइकिल के साथ संदिग्ध मुकेश प्रधान (ग्राम रूडेकेला) को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि माेटरसाइकिल उसने ऑटो डीलर में काम करने वाले पुरूषोत्तम प्रधान (लैलूंगा) से खरीदी थी। आगे पूछताछ में खुलासा हुआ कि पुरूषोत्तम प्रधान अपने साथी श्याम ऑटो डीलर लैलूंगा के मैनेजर चंद्र कुमार यादव के साथ मिलकर माेटरसाइकिल चोर मुकेश चौहान से चोरी की माेटरसाइकिल को आरटीओ में पूर्व में कंप्यूटर ऑपरेटर रहे अजय पटेल और संजय अगरिया के जरिए लोक सेवा केंद्र से वाहनों के फर्जी कागजात व फर्जी रजिस्ट्रेशन तैयार कर बिक्री करते थे।
पुलिस जब मुख्य आरोपित मुकेश चौहान तक पहुंची तो उसने बताया कि वह अपने साथी विकेश दास महंत (वर्तमान में जेल में निरुद्ध) के साथ पूंजीपथरा, तमनार, घरघोड़ा और रायगढ़ के बाजारों से करीब 25 माेटरसाइकिल चोरी कर चुका है, जिनमें अधिकांश एचएफ डीलक्स माेटरसाइकिल हैं। विकेश दास महंत पूर्व में भी माेटरसाइकिल चोरी में गिरफ्तार हो चुका है, जिसे हाल ही में पुसौर पुलिस ने गिरफ्तारी वारंट के पालन में जेल दाखिल कराया है।
आरोपित मुकेश चौहान ने खुलासा किया कि चोरी की माेटरसाइकिल बेचते समय पकड़े जाने के खतरे को देखते हुए उसने ऑटो डीलर मैनेजर चंद्र कुमार यादव से संपर्क किया। इसके बाद चंद्र कुमार ने फर्जी दस्तावेज बनाने के लिए अजय पटेल और संजय अगरिया को जोड़ा और पुरानी माेटरसाइकिल खरीद–बिक्री करने वाले कोतबा के ऑटो डीलर से संपर्क किये। इसके पश्चात यह लोग फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कोतबा आटो डीलर को अंधेरे में रखकर उसके पास 8 माेटरसाइकिल खापा चुके थे, जिसे पुलिस ने बरामद किया है। अजय पटेल चोरी की माेटरसाइकिल के चेचिस नंबर से असली मालिक की जानकारी निकालकर अमेजॉन से आरसी कार्ड (पीबीसी कार्ड) मंगवाता, कंप्यूटर में उसमें हेरफेर कर हूबहू फर्जी आरसी प्रिंट करता था। फिर ट्रांसफर कार्ड पर फर्जी हस्ताक्षर कर डीलरों व आम लोगों को यह भरोसा दिलाया जाता था कि माेटरसाइकिल चोरी की नहीं है। पुलिस ने अजय पटेल से लैपटॉप, प्रिंटर और पीबीसी कार्ड जब्त किए हैं।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “आम नागरिक चोरी की माेटरसाइकिल न खरीदें। वाहन लेते समय आरसी, इंश्योरेंस और पहचान जरूर जांचें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सभी आरोपिताें को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
—————



