Trending

10 ओवर में तबाही : अभिषेक–सूर्या के तूफान से भारत ने न्यूजीलैंड को रौंदा

भारत ने रविवार को तीसरे टी20 में न्यूजीलैंड को जिस तरह 10 ओवर में आठ विकेट से रौंदा, वह सिर्फ एक जीत नहीं बल्कि उसकी आक्रामक सोच और गहराई से भरी टीम की झलक थी।

अभिषेक शर्मा (नाबाद 68) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (नाबाद 57) की विस्फोटक बल्लेबाजी से भारत ने पांच मैच की श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त बनाते हुए श्रृंखला अपने नाम कर ली। 154 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शुरुआत से ही पावर-हिटिंग का ऐसा प्रदर्शन किया कि मुकाबला एकतरफा हो गया।

तीसरे विकेट के लिए अभिषेक और सूर्यकुमार ने सिर्फ 40 गेंदों में 102 रन की अटूट साझेदारी की और भारत ने मात्र 10 ओवर में दो विकेट पर 155 रन बनाकर मैच खत्म कर दिया। श्रृंखला का चौथा मुकाबला 28 जनवरी को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा।

अभिषेक शर्मा ने इस पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए और भारत की ओर से दूसरे सबसे तेज अर्धशतक जमाने वाले बल्लेबाज बन गए।

BCCI

भारतीय रिकॉर्ड में युवराज सिंह का नाम 12 गेंदों में अर्धशतक के साथ सबसे ऊपर है और अभिषेक अपने मेंटोर से सिर्फ दो गेंद पीछे रह गए। सूर्यकुमार यादव ने भी अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए और अपने ट्रेडमार्क स्कूप व फ्लिक से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

भारत की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। संजू सैमसन का संघर्ष जारी रहा और वह पारी की पहली ही गेंद पर मैट हेनरी की गेंद पर आउट हो गए, जो पैड से टकराकर ऑफ स्टंप से जा लगी।

इस श्रृंखला में सैमसन का स्कोर अब तक 10, 6 और 0 रहा है, जिससे उनकी जगह पर दबाव बढ़ गया है क्योंकि ईशान किशन अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मजबूत दावा पेश कर रहे हैं। रायपुर में मैच जिताने वाली 76 रन की पारी खेलने के बाद ईशान किशन ने इस मैच में भी तेवर दिखाए। उन्होंने एक ही ओवर में हेनरी को दो छक्के और एक चौका जड़ा।

पिछले मैच में शून्य पर आउट होने वाले अभिषेक भी जल्द ही लय में आ गए और जैकब डफी के एक ओवर में 16 रन बटोरे। ईशान 13 गेंदों में 28 रन बनाकर चौथे ओवर में आउट हो गए, लेकिन तब तक भारत मैच पर पूरी तरह पकड़ बना चुका था।

भारत ने पावरप्ले में दो विकेट पर 94 रन बनाए, जो इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ बनाए गए 95 रन के बाद उसका दूसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर था। यहीं से मैच का नतीजा लगभग तय हो गया।

इससे पहले गेंदबाजी में भारत ने अनुशासन और विविधता का शानदार प्रदर्शन किया। वरुण चक्रवर्ती की जगह टीम में शामिल किए गए कलाई के स्पिनर रवि बिश्नोई ने लगभग एक साल बाद वापसी करते हुए मौके का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट झटके।

जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या ने भी उनका भरपूर साथ दिया, जिससे न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 153 रन ही बना सकी।

टॉस जीतकर गेंदबाजी करने के फैसले को सही साबित करते हुए भारत ने पावरप्ले में ही मेहमान टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। न्यूजीलैंड ने 34 रन पर तीन विकेट गंवा दिए।

हार्दिक पंड्या ने पहले ओवर में ही शानदार फील्डिंग का नमूना पेश करते हुए हर्षित राणा की गेंद पर पीछे की ओर दौड़कर डेवोन कॉनवे (01) का कैच लपका। अपने अगले ओवर में उन्होंने रचिन रविंद्र (04) को आउट किया, जिन्हें शॉर्ट गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर बिश्नोई ने कैच किया।

रायपुर मैच में आराम के बाद वापसी कर रहे जसप्रीत बुमराह ने आते ही असर डाला और चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए। उन्होंने टिम सिफर्ट (12) को एक फुल लेंथ गेंद पर बोल्ड किया जो अंदर की ओर कोण बनाते हुए ऑफ स्टंप उखाड़ ले गई।

मध्य ओवरों में बिश्नोई ने सटीक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका नहीं दिया और ग्लेन फिलिप्स (48) को अर्धशतक पूरा करने से रोका। उन्होंने पांचवें, आठवें और 12वें ओवर में गेंदबाजी की और तीन ओवर में नौ रन देकर एक विकेट लिया।

मार्क चैपमैन ने 23 गेंदों में 32 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया और फिलिप्स के साथ 52 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन बिश्नोई ने इस साझेदारी को तोड़ा। स्टंप के पीछे संजू सैमसन ने चैपमैन का शानदार कैच लपका।

कुलदीप यादव के लिए यह दिन उतार-चढ़ाव भरा रहा। पहले ओवर में सिर्फ तीन रन देने के बाद उनके अगले ओवर में 19 रन पड़े, जिसमें चैपमैन ने लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़ा, जबकि फिलिप्स ने लॉन्ग-ऑन के ऊपर से छक्का मारा।

फ्लाइट और लेंथ के साथ अधिक प्रयोग करने के कारण न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को थोड़ी लय मिली, लेकिन बुमराह, हार्दिक और बिश्नोई की कसी हुई गेंदबाजी के सामने मेहमान टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।

Related Articles

Back to top button