Trending

अटल जी का विराट व्यक्तित्व देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ/ राघवेन्द्र प्रताप सिंह:  पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोक भवन परिसर में स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अटल जी का विराट व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी के अलावा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक , कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने भी अटल जी को नमन किया।

 

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पैतृक भूमि यह प्रदेश है। लखनऊ में उनके सम्मान में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का निर्माण किया गया है, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा। उन्होंने देश के विकास और सुशासन के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। अटल जी की स्मृतियों को जीवंत रखना हम सभी का दायित्व है। लखनऊ से उनका विशेष लगाव रहा और उन्होंने लोकसभा में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए देश को नई दिशा दी।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को सुशासन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अटल जी के आदर्शों और विचारों पर चलकर ही सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अटल जी हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा के स्रोत रहेंगे।

Related Articles

Back to top button