अखिलेश यादव को भ्रम और अफ़वाह फैलाने की पुरानी आदत: भाजपा

लखनऊ, 29 नवंबर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा है कि किसी भी मुद्दे पर भ्रम और अफवाह फैलाना उनकी पुरानी आदत है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता श्री त्रिपाठी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि भ्रम फैलाना अफवाह फैलाना अखिलेश यादव की आदत है। कोरोना वैक्सीन को लेकर भी अखिलेश ने भ्रम फैलाने का काम किया था।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि मतदाता सूची का दुरुस्त होना लोकतंत्र के हित में है।सपा के पास बूथ लेवल पर कार्यकर्ता नहीं हैं। संभावित हार देखकर नाकामी का ठीकरा निर्वाचन आयोग पर फोड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने SIR को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। अखिलेश ने कहा है कि एस आई आर को लेकर इतनी जल्दबाजी में क्यों हैं।
श्री यादव ने लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि शादियों के मौसम में सभी लोग व्यस्त हैं। इसी समय आयोग एस आई आर करवा रहा है। आख़िर बीजेपी और आयोग के बीच क्या सेटिंग है। एस आई आर को लेकर कोई बड़ी साजिश रची जा रही है।



