Trending

विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर योगी सरकार पर भड़के सपा विधायक, बीजेपी ने किया पलटवार :

लखनऊ/ राघवेन्द्र प्रताप सिंह: उत्तर प्रदेश में 11 अगस्त से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है। यह सत्र केवल चार दिन ही चलेगा। छोटे सत्र को लेकर अब समाजवादी पार्टी (सपा) ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार जनता की समस्याओं पर चर्चा से भाग रही है।

समाजवादी पार्टी के नेता और सरधना विधानसभा से विधायक अतुल प्रधान ने विधानसभा सत्र की समयावधि को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा है ।

श्री प्रधान ने कहा है कि उत्तर प्रदेश 403 विधानसभाओं का एक विस्तृत राज्य है और प्रदेश की जनता और जनप्रतिनिधि इंतजार करते है कि विधानसभा सत्र चलेगा और आम जन की समस्याओं और परेशानियों के निराकरण के लिये एक मंच तैयार होगा लेकिन उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार नही चाहती की प्रदेश की जनता की समस्याओं का निराकरण हो।

समाजवादी पार्टी के विधायक ने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश मे मानसून सत्र महज 4 दिन चलेगा। 15 अगस्त और 16 अगस्त सिर्फ इसलिए लिखे गये ताकि पत्र में दिनों की गिनती की जा सकें।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों को शर्म करनी चाहिए कि जनता ने जो जिम्मेदारी दी है, गरीब पीडित शोषित की मदद करने की वह उससे हमेशा बचने का काम किया है। जनता माफ नही करेगी ! ऐसे लोगों के लिये दो शब्द जरूर लिखें।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 11 अगस्त से शुरू होगा और 16 अगस्त तक चलेगा। हालाकि सदन की कार्यवाही महज चार दिन ही चलेगी । विधानसभा की तरफ से सदन की कार्यवाही की जानकारी जारी कर दी गई है।

विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दूबे ने बताया कि, उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 11 अगस्त से 16 अगस्त तक चलेगा। सोमवार, मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को सदन की कार्यवाही चलेगी। शनिवार को 15 अगस्त और 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की वजह से अवकाश रहेगा।

वहीं बीजेपी ने समाजवादी पार्टी के इस आरोप पर पलटवार किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों के पास मुद्दों का अभाव है। ये लोग हर बात में खोट निकालने में माहिर होते हैं।

श्री त्यागी ने कहा कि अपनी सरकार में तो ये लोग जनता के लिए कुछ कर नहीं पाये। अब जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन की सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है तो इनको कष्ट हो रहा है।

Related Articles

Back to top button