उत्तर प्रदेश में बारिश और बाढ़ को लेकर ऊर्जा मंत्री ने दिए निर्देश

लखनऊ/ राघवेन्द्र प्रताप सिंह: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से कई जिलों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। कई जिलों में पेड़ गिरने से तार टूटने और बाढ़ के पानी में ट्रांसफार्मर के डूबने की खबरें आ रही हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों से विद्युत आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है। हालाकि मंत्री ने लोगों से भी इस दौरान संयम बरतने की अपील की है।
ऊर्जा मंत्री श्री शर्मा ने सोमवार को कहा कि अतिवृष्टि एवं बाढ़ के कारण पानी भरने से राज्य में अनेक उपकेंद्रों और फीडरों पर विद्युत व्यवस्था बाधित हुई है। इसके साथ ही विद्युत प्रवाह के कारण दुर्घटना की भी संभावना बनी रहती है।
ऊर्जा मंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि, “ पेड़ हो या पानी; गाँव हो या शहर; हर जगह हमारे विद्युत कर्मी आपकी सेवा में लगे हैं। मैंने UPPCL एवं संबंधित सभी DISCOM के एमडी से बात करके आपूर्ति हेतु सजग रहने और विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए पुनः कहा है। इस दौरान आपका संयम एवं सहयोग की जरूरत है।”
उन्होंने कहा कि भारी बरसात एवं बाढ़ की परिस्थिति के कारण अनेक स्थानों पर बिजली की अवसंरचना प्रभावित हुई है। विशेष रूप से बाँदा, झाँसी, मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज और आगरा में कई जगह पानी भरने से विद्युत उपकेंद्र और फीडर बंद करने पड़े हैं।
अरविंद कुमार शर्मा ने कहा है कि ऐसे में विद्युत आपूर्ति करना संभव या सुरक्षित नहीं होता। आपका सहयोग प्रार्थनीय है। विद्युत कर्मी दिन-रात आपकी सेवा में लगे हैं। पूरा प्रयास है कि जल्दी से जल्दी विद्युत आपूर्ति पूर्ववत कर दी जाय।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में खासतौर से पूर्वांचल के कई जिलों में बाढ़ के हालात बन चुके हैं। इससे निपटने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने कैबिनेट मंत्रियों को निर्देश दिया है कि वे बाढ़ प्रभावित इलाक़ों में जाकर राहत सामग्री वितरित करें और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भिजवाने की व्यवस्था करें।



