Trending

प्राग मास्टर्स : अरविंद चिदंबरम को एकल बढ़त, नीदरलैंड के अनीश गिरी को हराया

भारतीय ग्रैंडमास्टर अरविंद चिदंबरम ने प्राग मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट के सातवें दौर में काले मोहरों से खेलते हुए नीदरलैंड के अनीश गिरी को हराकर एकल बढ़त हासिल कर ली। अरविंद ने शुरू से लेकर अंत तक अपनी लय बनाए रखी जबकि भारत के एक अन्य खिलाड़ी आर प्रज्ञाननंदा ने टूर्नामेंट से पहले खिताब के दावेदार माने जा रहे चीन के वेई यी के साथ ड्रॉ खेला।

@PragueChess @2700chess

अरविंद ने संभावित सात में से अपने अंकों की संख्या पांच कर ली है और अब वह प्रज्ञाननंदा से आधे अंक की बढ़त पर हैं। अब जबकि दो दौर की बाजियां खेली जानी बाकी हैं तब अमेरिका के सैम शैंकलैंड ने वियतनाम के क्वांग लीम ले को हराया। क्वांग लीम और गिरी दोनों ने पहली छह बाजियां ड्रॉ खेली थी।

एक अन्य मुकाबले में तुर्किए के 16 वर्षीय गुरेल एडिज़ ने चेक गणराज्य के गुयेन थाई दाई वान को हराया जबकि चेक गणराज्य के ही डेविड नवारा ने जर्मनी के विंसेंट कीमर के साथ ड्रॉ खेला। अरविंद पांच अंक लेकर शीर्ष पर हैं जबकि प्रज्ञाननंदा 4.5 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

उनके बाद वेई यी, एडिज़, कीमर और शैंकलैंड का नंबर आता है जिनके 3.5 अंक हैं। गिरी, नवारा और लीम के तीन-तीन अंक है जबकि दाई वान 2.5 अंक के साथ सबसे निचले स्थान पर हैं। अरविंद ने गिरी के खिलाफ 24वीं चाल में अपने घोड़े के दम पर बढ़त बनाई और आखिर में 39वीं चाल में जीत हासिल करके रिकॉर्ड बुक में अपना नाम लिखवाया।

अरविंद इस जीत से लाइव रेटिंग में 14वें स्थान पर आ गए हैं। इस तरह से लाइव रेटिंग में शीर्ष 15 में अब कम से कम पांच भारतीय शामिल हो गए हैं। विश्वनाथन आनंद 15वें नंबर पर हैं। अरविंद ने पहली बार शीर्ष पंद्रह में प्रवेश किया।

चैलेंजर्स वर्ग में जोनास बुहल बजरे ने इस वर्ग में भाग ले रही भारतीय दिव्या देशमुख को हराकर उसकी मुसीबतें बढ़ा दी।भारतीय खिलाड़ी सात बाजियों में केवल 1.5 अंक हासिल कर पाई है और वह सबसे अंतिम स्थान पर है। इस वर्ग में उज्बेकिस्तान के बजरे और नोदिरबेक याकुबोएव 5.5 अंक के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं।

Related Articles

Back to top button