Trending

प्रो लीग : जीत के साथ भारतीय महिला टीम का अभियान शुरू, इंग्लैंड को हराया

नवनीत कौर के अंतिम पलों में दागे गए गोल से भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को प्रो लीग में इंग्लैंड को 3-2 से हराकर जीत के साथ शुरुआत की।

@TheHockeyIndia

भारत ने शुरू से ही दबदबा बना लिया था। वैष्णवी फाल्के ने छह मिनट में भारत का खाता खोला। इसके बाद दीपिका ने 25वें मिनट और नवनीत ने 59वें मिनट ने गोल किए। भारत के शुरुआती दोनों गोल पेनाल्टी कॉर्नर से आए जबकि तीसरा फील्ड गोल रहा।

कलिंगा स्टेडियम में दुनिया की सातवें नंबर की टीम इंग्लैंड के लिए डार्सी बूर्ने (12वें मिनट) और फियोना क्रेकल्स (58वें मिनट) ने गोल दागे। दुनिया की नौवें नंबर की भारतीय टीम ने अपने से ऊंची रैंकिंग वाली टीम के खिलाफ दमदार खेल दिखाया।

वैष्णवी ने भारत के लिए पहला गोल किया। मनीषा चौहान का पेनाल्टी कॉर्नर पर शॉट डिफेंडर की स्टिक से टकरा गया और गेंद फिर बाहर आ गई जिसे वैष्णवी ने गोल के भीतर पहुंचाया। भारत ने इंग्लैंड पर रफ्तार और शॉर्ट पास से दबाव बनाए रखा। नौवें मिनट में भारत बढ़त दुगुनी करने के करीब पहुंचा लेकिन लालरेम्सियामी स्टिक से गेंद को पकड़ नहीं पाई।

डार्सी ने भारतीय डिफेंस की चूक का फायदा उठाकर बराबरी का गोल कर दिया। एक मिनट बाद गोलकीपर सविता पूनिया ने रिवर्स फ्लिक पर एक शर्तिया गोल बचाया। ब्रेक में कोच हरेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों से बात की जिसके बाद भारतीय टीम लय में आ गई।

दीपिका ने दूसरे पेनाल्टी कॉर्नर को तब्दील करके भारत को फिर बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर में मिडफील्ड में ही खेल होता रहा लेकिन आखिरी 15 मिनट में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन इंग्लैंड ने बेहतरीन खेल दिखाया।

फियोना ने दो मिनट बाकी रहते गोल करके स्कोर 2-2 कर दिया। इससे मैच ड्रॉ की ओर मुड़ता दिख रहा था लेकिन नवनीत ने जवाबी हमले पर गोल करके भारत को जीत दिलाई।

-2 गोल भारतीय टीम ने पेनाल्टी जबकि एक फील्ड से किया

-7वें नंबर पर पहुंच गई भारतीय टीम लीग का जीत से आगाज करने के बाद

Related Articles

Back to top button