दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज हो सकता है ऐलान, चुनाव आयोग की तैयारी पूरी

बीएस राय : दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज (मंगलवार) दोपहर 2 बजे ऐलान किया जाएगा। चुनाव आयोग विज्ञान भवन में इस घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू कर देगा। 70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।
आज (मंगलवार) दोपहर 2 बजे चुनाव आयोग दिल्ली के विज्ञान भवन में 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है और सभी राजनीतिक दल आगामी चुनावी जंग के लिए कमर कस रहे हैं। 2020 में, चुनाव की घोषणा 6 जनवरी को हुई थी और मतदान 8 फरवरी को एक ही चरण में हुआ था।
इस बार भी दिल्ली चुनाव एक ही चरण में होने की संभावना है। मतदान फरवरी के दूसरे सप्ताह के आसपास हो सकता है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के कार्यकाल का यह आखिरी चुनाव हो सकता है, क्योंकि वे 18 फरवरी को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। चुनाव की घोषणा के साथ ही दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।
इससे सभी राजनीतिक गतिविधियां चुनावी नियमों के दायरे में आ जाएंगी। राजनीतिक समीकरण और मुख्य दल इस बार दिल्ली में मुकाबला त्रिकोणीय है, जहां आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस आमने-सामने हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में “आप” लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है। 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में आप ने बड़ी जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार चुनौती कठिन नजर आ रही है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा): पिछले दो चुनावों में 10 सीटों से भी कम पर सिमटने वाली भाजपा इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है।
कांग्रेस: लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने वाली कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव अलग से लड़ने का फैसला किया है।
वीआईपी सीटें और बड़े उम्मीदवार
नई दिल्ली सीट: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक बार फिर नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ेंगे। उनका मुकाबला भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से होगा। यह सीट हमेशा से वीआईपी मानी जाती रही है और इस बार मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।
कालकाजी सीट: मुख्यमंत्री आतिशी का मुकाबला कांग्रेस की अलका लांबा और भाजपा के रमेश बिधूड़ी से होगा। यह सीट भी काफी अहम मानी जा रही है।
चुनाव में मतदाताओं की भूमिका
चुनाव आयोग द्वारा जारी अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, दिल्ली में कुल 1,55,24,858 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 84,49,645 पुरुष, 71,73,952 महिलाएं और 2.08 लाख युवा (18-19 वर्ष आयु वर्ग) शामिल हैं जो पहली बार वोट देंगे।
क्या है दांव पर?
इन चुनावों में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता, भाजपा की चुनौती और कांग्रेस की वापसी की कोशिशें दांव पर हैं। इसके साथ ही दिल्ली के मतदाताओं का झुकाव और मुद्दों पर आधारित फैसला इस चुनाव को और दिलचस्प बनाएगा। अब देखना यह है कि दिल्ली की जनता इस बार किसे सत्ता सौंपती है और कौन सी पार्टी उनकी उम्मीदों पर खरा उतरती है।