Trending

चेन्नई टेस्ट Day 3 : दूसरी पारी में गिल व पंत के शतक, बांग्लादेश का स्कोर 158/4

भारत और बांग्लादेश के बीच जारी पहले टेस्ट के तीसरे दिन रोहित शर्मा की टीम का दबदबा रहा। 515 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश ने 4 विकेट 158 रन पर खो दिए हैं। दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो (51) और शाकिब अल हसन (5) नाबाद रहे।

@Associated Press

बांग्लादेश को जीत के लिए 357 रन की जरूरत है। खराब रोशनी के कारण खेल जल्दी खत्म कर दिया गया। तीसरे दिन 81 रन से आगे खेलने उतरी भारत ने दूसरी पारी 287/4 के स्कोर पर घोषित की। शुभमन गिल (119) और ऋषभ पंत (109) ने दूसरी पारी में शानदार शतकीय पारी खेली।

बांग्लादेश के लिए मेंहदी हसन मिराज ने 2 विकेट झटके। जवाब में रविचंद्रन अश्विन ने 3 विकेट लेकर बांग्लादेश को शुरुआती झटके दिए। कप्तान शान्तो ने अर्धशतकीय पारी खेल बांग्लादेश की टीम को संभाला। भारत को जीत के लिए 6 विकेट की जरूरत है।

गिल ने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 4 छक्के लगाए। उन्होंने 176 गेंदों का सामना किया। पंत के साथ इस खिलाड़ी ने 167 रन की साझेदारी निभाई। यह बांग्लादेश के खिलाफ उनका दूसरा शतक रहा। गिल पहली पारी में खाता भी नहीं खोल पाए थे। उन्होंने अब तक 26 टेस्ट खेले हैं और इसकी 48 पारियों में 5 बार नाबाद रहते हुए 1,611 रन बनाए हैं। उन्होंने 5 शतक के अलावा 7 अर्धशतक भी लगाए हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में साल 2022 से सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में गिल पहले स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के बाबर आजम (11) और जो रूट (11) को पीछे छोड़ दिया है। तीसरे स्थान पर 10 शतकों के साथ कोहली हैं।

पंत ने बांग्लादेश के खिलाफ 109 रन की पारी खेली। यह उनके टेस्ट क्रिकेट करियर का छठा और बांग्लादेश के खिलाफ पहला शतक रहा, जिसे उन्होंने 124 गेंदों में पूरा किया।

इसके साथ उन्होंने धोनी के 6 टेस्ट शतक की बराबरी भी कर ली। अब वह भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। तीसरे स्थान पर 3 शतक के साथ रिद्धिमान साहा हैं।

भारत को दूसरी पारी में 67 रन के कुल स्कोर पर विराट कोहली (17) के रूप में तीसरा झटका लगा था। उसके बाद पंत बल्लेबाजी के लिए मैदान उतरे।

पंत ने अपनी शानदार शतकीय पारी में 13 चौके और 4 कमाल के छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 85.16 की रही। पंत ने दिसंबर 2022 के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी की है। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच भी बांग्लादेश के खिलाफ ही खेला था।

Related Articles

Back to top button