रिकॉर्ड फिफ्टी के साथ चमके वैभव, भारत ने जीत से किया सीरीज का आगाज़
मयंक यादव और प्रिंस यादव की धारदार गेंदबाजी के बाद वैभव सूर्यवंशी के तूफानी अर्धशतक से भारत ने गुरुवार को यहां पहले टी20 में जिम्बाब्वे के सात विकेट से हराकर तीन मैच की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बनाई।
जिम्बाब्वे द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सूर्यवंशी (50 रन) और इशान किशन (35 रन) की पारियों से 126 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी नाबाद 28 रन बनाए। भारत ने इससे पहले मयंक (दो विकेट) और प्रिंस (दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी से जिम्बाब्वे को 125 रन पर रोक दिया। रवि बिश्नोई और शिवम दुबे ने एक-एक विकेट हासिल किया।
जिम्बाब्वे ने 14वें ओवर में 64 रन तक पांच विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद वेस्ली माधेवेरे (39 रन) और ताडिवनाशे मरुमानी (नाबाद 27) ने छठे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी करके टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत को सूर्यवंशी ने तूफानी शुरुआत दिलाई। सूर्यवंशी ने रिचर्ड एनगारवा की लगातार गेंदों पर दो छक्कों और एक चौके के साथ तेवर दिखाए। ब्लेसिंग मुजरबानी (दो विकेट) ने अभिषेक शर्मा (01) को ब्रेड इवान्स के हाथों कैच कराके जिम्बाब्वे को शुरुआती सफलता दिलाई।
सूर्यवंशी ने इवान्स की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा जबकि मुजरबानी पर दो चौके और एक छक्का जड़कर पांचवें ओवर में भारत के रनों का अर्धशतक पूरा किया। किशन ने न्युमैन नयामहुरी पर तीन चौकों के साथ पावर प्ले में भारत का स्कोर एक विकेट पर 66 रन किया।
सूर्यवंशी ने एनगारवा की गेंद पर एक रन के साथ 18 गेंद में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। यह 15 वर्षीय क्रिकेटर पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक जड़ने वाला सबसे युवा बल्लेबाज बना। वह हालांकि अगली गेंद पर डीप थर्डमैन पर कुरेन को कैच दे बैठे।
कप्तान अय्यर ने एनगारवा पर चौके से खाता खोला और फिर इवान्स की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए। किशन ने भी इवान्स पर छक्का जड़ा। अय्यर ने नयामहुरी पर चौके के साथ 11वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।
मुजरबानी ने इशान को पवेलियन भेजा लेकिन अय्यर ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर टीम को जीत दिला दी। इससे पहले अय्यर ने टॉस जीतकर जिम्बाब्वे को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया और गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए पावर प्ले में ही मेजबान टीम का स्कोर तीन विकेट पर 26 रन कर दिया।
मयंक ने मैच की पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट (00) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने विकेटकीपर किशन को कैच थमाया। मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर फैसला भारत के पक्ष में गया।
मयंक दो साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौट रहे हैं। पिछले साल उन्होंने स्ट्रेस फ्रेक्चर के लिए ऑपरेशन कराया था और वापसी करते हुए उन्होंने लगातार 145 किमी प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी की।
पदार्पण कर रहे बेन कुरेन (10) ने पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज अशोक शर्मा पर लगातार दो चौके मारे लेकिन प्रिंस यादव की गेंद को मिडविकेट पर वैभव सूर्यवंशी के हाथों में खेल गए। मयंक ने डियोन मायर्स (06) को शिवम दुबे के हाथों कैच कराके जिम्बाब्वे को तीसरा झटका दिया।
कप्तान सिकंदर रजा (04) ने प्रिंस पर चौका मारा लेकिन दुबे की गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी सूर्यांश शेडगे को कैच दे बैठे जिससे आठवें ओवर में जिम्बाब्वे का स्कोर चार विकेट पर 32 रन हो गया। रेयान बर्ल और वेस्ली माधेवेरे ने इसके बाद पारी को संभाला।
बर्ल ने दुबे पर पारी के पहले छक्के के साथ 11वें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। बर्ल और माधेवेरे रन गति बढ़ाने में नाकाम रहे। इसी दबाव के बीच बर्ल ने रवि बिश्नोई की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑन बाउंड्री पर तिलक वर्मा को कैच थमाया। उन्होंने 35 गेंद का सामना करते हुए एक चौका और एक छक्का मारा।
माधेवेरे ने अशोक पर लगातार दो चौके और बिश्नोई पर छक्के के साथ रन गति बढ़ाने का प्रयास किया। मरुमानी ने भी दुबे पर छक्का जड़ा। जिम्बाब्वे के रनों का शतक 18वें ओवर में पूरा हुआ। माधेवेरे पारी के अंतिम ओवर में दो रन लेने की कोशिश में रन आउट हुए।



