रोमांचक टाईब्रेकर में भारत ने माल्टा को दी मात, महिला पेयर्स में शानदार आगाज
कॉमनवेल्थ गेम्स- 2026
राष्ट्रमंडल खेल में भारतीय महिला लॉन बॉल्स टीम ने बेहतरीन शुरुआत करते हुए गुरुवार को महिला पेयर्स स्पर्धा के ग्रुप-बी मुकाबले में माल्टा को रोमांचक टाईब्रेकर में हरा दिया। भारत से रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी ने माल्टा की रेबेका लुईस रिक्सन और कोनी-लेह रिक्सन की बहनों की जोड़ी को कड़े मुकाबले में मात दी।
भारतीय जोड़ी ने पहले सेट में एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 7-1 से जीत दर्ज की। हालांकि, माल्टा की जोड़ी ने दूसरे सेट में वापसी करते हुए 4-3 से मुकाबला अपने नाम कर लिया, जिससे मैच टाईब्रेकर में पहुंच गया। टाईब्रेकर में माल्टा ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन पिंकी ने अपने अंतिम प्रयास में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला भारत के पक्ष में कर दिया और टीम को जीत दिलाई।

इस जीत के बाद ग्रुप-बी की अंकतालिका में इंग्लैंड पहले स्थान पर है, जबकि भारत दूसरे स्थान पर आ गया है।उधर, दिन में बाद में भारत के पुतुल सोनोवाल पुरुष एकल वर्ग के ग्रुप चरण मुकाबले में कनाडा के रयान बेस्टर का सामना करेंगे।



