Trending

युवाओं को राजनीतिक औजार बना रहा विपक्ष, छात्र आकांक्षाओं को लेकर सरकार प्रतिबद्ध : राजनाथ सिंह

नई दिल्ली : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शनों को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के छात्रों और युवाओं को कुछ लोग अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए औजार के रूप में इस्तेमाल करने का प्रयास कर रहे हैं। संसद सत्र के दौरान सड़क पर समाधान खोजने का प्रयास अनुचित है।

 

राजनाथ सिंह ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार विद्यार्थियों और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने और उनके कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। छात्रों की हर चिंता को सुनना और उसका समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। भारत के जागरूक और विवेकशील युवा ऐसे भ्रामक प्रयासों को समझते हैं और प्रगति, विकास तथा राष्ट्र निर्माण के मार्ग को ही चुनेंगे।

 

उन्होंने कहा कि विपक्ष के कुछ नेताओं द्वारा ‘बनावटी गुस्से का माहौल’ केवल जनता, विशेषकर बच्चों और युवाओं को भ्रमित करने का असफल प्रयास है। युवाओं की भावनाओं और चिंताओं के प्रति सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। संसद का सत्र चल रहा है और सरकार ने हर मुद्दे पर सार्थक बहस करने की बात कही है लेकिन विपक्ष सड़क पर समाधान खोजने का अनुचित प्रयास कर रहा है।

 

रक्षा मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में मुद्दों पर चर्चा करने की जगह संसद भवन है, जहां विपक्ष अपनी बात कहने के लिए स्वतंत्र है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि यदि वे गंभीर हैं तो संसद की कार्यवाही में व्यवधान न उत्पन्न करें और सभी मुद्दों पर संसद में ही देश का ध्यान आकर्षित करें।

Related Articles

Back to top button