सोनम वांगचुक को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल भेजा गया

नई दिल्ली : पर्यावरणविद सोनम वांगचुक को मंगलवार शाम यहां के सफदरजंग अस्पताल ने छुट्टी दे दी। उन्हें आगे के इलाज के लिए गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल की चिकित्सकीय टीम को सौंप दिया गया है।
सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद आज शाम 6:40 बजे सोनम वांगचुक को आगे के इलाज के लिए गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल की चिकित्सकीय टीम को सौंप दिया गया।बुलेटिन के मुताबिक छुट्टी के समय उनके आवश्यक स्वास्थ्य मानक स्थिर थे। हालांकि, पैनसाइटोपेनिया (रक्त की तीनों प्रमुख कोशिकाओं—लाल रक्त कोशिकाएं, श्वेत रक्त कोशिकाएं और प्लेटलेट्स—की कमी) की स्थिति बनी हुई है। उनका सीरम पोटेशियम स्तर 3.4 एमईक्यू/एल दर्ज किया गया।
आगे के उपचार को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए उनकी मेडिकल टीम को सभी जरूरी दस्तावेज, जांच रिपोर्ट और उपचार से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध करा दिए गए हैं।
———



