Trending

आईसीसी ट्रॉफी का ‘हैंगओवर’! दो खिताब जीतने के बाद क्यों लड़खड़ा गई टीम इंडिया?

भारत ने दो सालों के अंदर दो आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। भारत ने 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की और 2026 में टी20 वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया। लगता है कि टीम इंडिया से आईसीसी ट्रॉफी जीतने का ‘हैंगओवर’ नहीं उतरा है।

दोनों खिताब जीतने के बाद भारत के प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली है। इस दौरान भारत के दोनों फॉर्मेट के कप्तान भी बदले। रोहित शर्मा की जगह सुभमन गिल को वनडे की कमान सौंपी गई तो टी-20 में सूर्यकुमार यादव के स्थान पर श्रेयस अय्यर को बागडोर मिली।

भारत ने पिछले साल मार्च में न्यूजीलैंड को हराकर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। तब से भारत ने कुल पांच वनडे सीरीज खेली हैं, जिसमें ट्रिपल झटका लगा। भारत ने अक्टूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-2 से गंवाई।

साभार : गूगल

यह शुभमन गिल की बतौर वनडे कप्तान पहली सीरीज थी। हालांकि, भारत ने नवंबर-दिसंबर में घर पर साउथ अफ्रीका से तीन मैच की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। लेकिन भारत को जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड से घर पर वनडे सीरीज में 1-2 से हार का मुंह देखना पड़ा।

भारत ने जून में घर पर अफगानिस्तान का 3-0 से सूपड़ा साफ किया। शुभमन ब्रिगेड ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर तीन वनडे मैच की सीरीज में 1-2 से हार का सामना किया है। भारत ने 8 साल बाद इंग्लैंड के हाथों वनडे सीरीज गंवाई। अगले साल वनडे वर्ल्ड कप है और पिछले 10 महीनों में भारत का 50 ओवर फॉर्मेट में तीन सीरीज गंवाना चिंता का विषय है। भारत को अब 27 सितंबर से घर पर वेस्टइंडीज से वनडे सीरीज में भिड़ना है।

सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारत ने मार्च 2026 में न्यूजीलैंड को मात देकर टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता था। टीम को चैंपियन बनाने के बावजूद सूर्या को बल्ले से खराब फॉर्म के कारण कप्तानी से हाथ धोना पड़ा। उन्हें टी20 स्क्वॉड से भी बाहर कर दिया गया।

लेकिन श्रेयस अय्यर के कमान संभालने के बाद से भारतीय टी20 टीम जीत को तरस गई और ‘डबल झटका’ झेला। श्रेयस सेना ने जून में आयरलैंड दौरे पर दो टी20 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना किया। आयरलैंड ने पहली बार भारत से किसी भी फॉर्मेट में सीरीज जीती।

पिछले महीने भारतीय टीम ने इंग्लैंड में पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली, जहां 4-0 से शिकस्त मिली। पहला टी20 बारिश की भेंट चढ़ गया था। इंग्लैंड ने पहली बार भारत से द्विपक्षीय टी20 सीरीज जीती। भारत को अब 23 जुलाई से जिम्बाब्वे में तीन मैचों की टी20 सीरीज में उतरना है।

Related Articles

Back to top button