Trending

दिल्ली के उत्तम नगर में विजय सेल्स के शोरूम में लगी भीषण आग; बेसमेंट से तीसरी मंजिल तक फैला धुआं, करोड़ों का सामान जलकर खाक

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में स्थित विजय सेल्स के एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालाकि आग तेजी से बेसमेंट से लेकर तीसरी मंजिल तक फैल गई, जिसके चलते दमकल विभाग को बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाना पड़ गया था। बता दें कि दिल्ली दमकल विभाग की करीबन 13 गाड़ियों को मौके के लिए रवाना किया गया, जहां कर्मियों द्वारा करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालाकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दिल्ली दमकल विभाग के अनुसार, बुधवार तड़के सुबह करीब 4:15 बजे उत्तम नगर स्थित विजय सेल्स शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई, जिसके बाद आग की सूचना दमकल विभाग को दी गई थी। शुरुआती सूचना मिलते ही तीन वाटर टेंडर और छह वाटर बाउजर को मौके पर रवाना किया गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए इसे कुछ ही मिनटों में मेक-6 घोषित कर दिया गया और अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी मौके पर भेजा गया। कुल मिलाकर पांच वाटर टेंडर, छह वाटर बाउजर, एक ब्रीदिंग फायर टेंडर और एक मल्टीपरपज वाहन समेत 13 दमकल इकाइयों ने राहत कार्य में हिस्सा लिया।

 

 

दमकल अधिकारियों के मुताबिक, लगभग 350 वर्ग गज में बने इस भवन के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपर की तीनों मंजिलों में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान, इलेक्ट्रिकल उपकरण, फर्नीचर और अन्य फिटिंग्स आग की चपेट में आ गए हैं। साथ ही आग से शोरूम के भीतर रखा भारी मात्रा में सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल विभाग ने पुष्टि की है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

 

 

दमकल कर्मियों ने पहले आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया था। साथ ही करीबन सुबह 5:55 बजे आग को पूरी तरह घेर लिया गया और 6:30 बजे उसे नियंत्रित कर लिया गया था, जिसके बाद 6:55 बजे आग बुझाने का अभियान समाप्त घोषित किया गया। हालांकि किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

Related Articles

Back to top button