Trending

आयुष्मान खुराना की नई फिल्म ‘मुपापा’ का ऐलान, साल 2027 को होगी रिलीज

अभिनेता आयुष्मान खुराना की नई फिल्म ‘मुपापा’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। यह फिल्म यश राज फिल्म्स (वाईआरएफ) और पोशम पा पिक्चर्स के पहले थिएट्रिकल सहयोग के तहत बनाई जा रही है। फिल्म का निर्माण वाईआरएफ के सीईओ अक्षय विधानी कर रहे हैं, जबकि निर्देशन की कमान चर्चित शोरनर और निर्देशक समीर सक्सेना ने संभाली है। निर्माताओं ने घोषणा की है कि ‘मुपापा’ 19 फरवरी, 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

 

निर्माताओं के अनुसार, ‘मुपापा’ एक जॉनर-बेंडिंग थिएट्रिकल फिल्म होगी, जिसमें दर्शकों को बड़े पर्दे पर बिल्कुल नया और अलग सिनेमाई अनुभव मिलेगा। अपनी अलग तरह की फिल्मों के लिए पहचान बना चुके आयुष्मान खुराना इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाएंगे। यह फिल्म रोमांच, मनोरंजन और अनोखी कहानी के दम पर दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखने का दावा करती है। ‘सैयारा’ के बाद निर्माता के रूप में यह अक्षय विधानी की दूसरी फिल्म होगी।

 

पोशम पा पिक्चर्स भारतीय मनोरंजन जगत की प्रयोगधर्मी प्रोडक्शन कंपनियों में गिनी जाती है। कंपनी के साझेदार समीर सक्सेना, बिस्वपति सरकार, सौरभ खन्ना और अमित गोलानी इससे पहले ‘काला पानी’ और ‘मामला लीगल है’ जैसी चर्चित परियोजनाओं से जुड़ चुके हैं। वाईआरएफ और पोशम पा पिक्चर्स का मानना है कि ‘मुपापा’ के जरिए दर्शकों को एक नया और यादगार सिनेमाई अनुभव मिलेगा।

Related Articles

Back to top button