Trending

आईसीसी रैंकिंग: ईशान ने मारी बाजी, बुमराह ने फिर जमाया टेस्ट में सिक्का

आईसीसी रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट का दबदबा साफ दिखाई दे रहा है। टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में बड़ा उलटफेर करते हुए भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं।

उन्होंने अपनी ही टीम के साथी अभिषेक शर्मा को शीर्ष स्थान से नीचे धकेल दिया है, जो पिछले करीब एक साल से इस पायदान पर काबिज थे। ताजा आंकड़ों के अनुसार दोनों भारतीय बल्लेबाजों के बीच केवल सात रेटिंग अंकों का मामूली अंतर रह गया है। इसके साथ ही किशन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय में नंबर-1 बनने वाले चौथे भारतीय पुरुष बल्लेबाज बन गए हैं।

ईशान की इस बादशाहत के पीछे हाल ही में संपन्न हुए टी20 वर्ल्ड कप में उनका धमाकेदार प्रदर्शन रहा है। उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान लगभग 200 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 317 रन कूट डाले थे। दूसरी तरफ, हालिया सीरीज में भारत के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली आयरलैंड टीम को भी इस रैंकिंग में जबरदस्त फायदा हुआ है।

@ICC

आयरिश बल्लेबाज लोर्कन टकर चार पायदान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 77वें और रॉस अडायर 6 स्थानों के सुधार के साथ 84वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, सीरीज में चार विकेट चटकाने वाले आयरलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मैथ्यू हम्फ्रीज अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 25वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे भी तीन पायदान ऊपर चढ़कर ऑलराउंडर्स की सूची में सातवें स्थान पर आ गए हैं।

रैंकिंग का बड़ा फेरबदल सिर्फ टी20 तक सीमित नहीं रहा, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में भी नए किंग की एंट्री हुई है। ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज ट्रैविस हेड अपने करियर में पहली बार दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच ट्रेंट ब्रिज में खेले गए टेस्ट मैच में इंग्लैंड के हैरी ब्रूक और जो रूट का बल्ला शांत रहा जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा।

ब्रूक खिसककर दूसरे और रूट तीसरे स्थान पर आ गए हैं। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने वाली कीवी टीम के रचिन रविंद्र (7वें), डेरिल मिचेल (11वें) और डेवोन कॉनवे (15वें) पायदान पर पहुंच गए हैं। गेंदबाजी की बात करें तो टेस्ट क्रिकेट में भारत के स्टार यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर से दुनिया के नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज का ताज अपने नाम कर लिया है।

उन्होंने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी को पछाड़कर यह मुकाम हासिल किया। इसके अलावा, हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स टेस्ट ऑलराउंडरों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंचकर अपने करियर का अंत करने में सफल रहे।

Related Articles

Back to top button