Trending

उन्नाव : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर पलटी दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर बस, 5 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 15 घायल!

उन्नाव : उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से सुबह-सुबह एक बेहद हृदयविदारक और बड़ी खबर सामने आ रही है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के दिल्ली से बिहार जा रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बस एक्सप्रेस-वे की रेलिंग पर जाकर लटक गई और कई मुसाफिर खिड़कियां टूटने की वजह से सीधे एक्सप्रेस-वे के नीचे जा गिरे।

 

सुबह 5 बजे नींद की एक झपकी और मच गई चीख-पुकार

जानकारी के मुताबिक, प्राइवेट डबल डेकर स्लीपर बस (नंबर यूपी 30 एटी 9212) करीब 30 यात्रियों को लेकर दिल्ली से बिहार के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे जैसे ही बस औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 262 के पास पहुंची, तभी अचानक ड्राइवर को नींद की तेज झपकी आ गई। रफ्तार तेज होने के कारण ड्राइवर गाड़ी पर से संतुलन खो बैठा। बेकाबू हो चुकी बस डिवाइडर को तोड़ते हुए पलट गई और एक्सप्रेस-वे के किनारे लगी लोहे की मजबूत रेलिंग पर जा अटकी।

 

बस की खिड़कियों से नीचे गिरे मुसाफिर, मंजर देख कांप उठी रूह

चश्मदीदों ने बताया कि हादसा होते ही एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और उसके सारे शीशे चकनाचूर हो गए। बस के पलटते ही अंदर सो रहे कई यात्री खिड़कियों के रास्ते सीधे एक्सप्रेस-वे से कई फीट नीचे जमीन पर जा गिरे, जिसके कारण 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सोते समय आए इस काल ने किसी को संभलने तक का मौका नहीं दिया।

 

पुलिस और यूपीडा ने संभाला मोर्चा, घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर किया रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही औरास थाना पुलिस और एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा संभालने वाली ‘यूपीडा’ (UPEIDA) की रेस्क्यू टीम कई एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय राहगीरों की मदद से बस के भीतर फंसे लहूलुहान यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल 15 से अधिक मरीजों को लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर और जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

 

मृतकों की शिनाख्त में जुटी पुलिस, एक्सप्रेस-वे पर यातायात बहाल

उन्नाव पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सभी 5 मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चूंकि यात्री बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं, इसलिए उनके पास मिले सामान और पहचान पत्रों के जरिए शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को एक्सप्रेस-वे से हटाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button