Trending

शार्दुल-तिलक बने मुंबई इंडियन्स की जीत के हीरो, पंजाब की लगातार पांचवीं हार

शार्दुल ठाकुर की धारदार गेंदबाजी के बाद तिलक वर्मा के तूफानी अर्धशतक की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने यहां खेले गए आईपीएल मुकाबले में पंजाब किंग्स को छह विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ मेजबान पंजाब की लगातार पांचवीं शिकस्त दर्ज हुई।

201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियन्स ने तिलक वर्मा की 75 रन की विस्फोटक पारी और विल जैक्स (नाबाद 25) के साथ पांचवें विकेट के लिए 20 गेंदों में हुई 56 रन की अटूट साझेदारी के दम पर 205 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन ने भी 48 रन की अहम पारी खेली। तिलक ने इससे पहले शेरफेन रदरफोर्ड (20) के साथ चौथे विकेट के लिए 61 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

इससे पहले पंजाब किंग्स के लिए प्रभसिमरन सिंह ने 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने प्रियांश आर्य (22) के साथ पहले विकेट के लिए 50 रन और कूपर कोनोली (21) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। हालांकि बीच के ओवरों में शार्दुल ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और मुंबई को मैच में वापसी दिलाई। दीपक चाहर ने भी दो विकेट अपने नाम किए।

© BCCI

अजमतुल्लाह उमरजई ने अंत में 38 रन की तेज पारी खेलकर पंजाब का स्कोर आठ विकेट पर 200 रन तक पहुंचाया। लगातार पांचवीं हार के बाद पंजाब की टीम 12 मैचों में 13 अंक लेकर चौथे स्थान पर बनी हुई है, जबकि मुंबई इंडियन्स नौवें स्थान पर है और उसके 12 मैचों में आठ अंक हैं।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियन्स को रेयान रिकेल्टन ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने अजमतुल्लाह उमरजई की गेंद पर छक्के के साथ खाता खोला और फिर मार्को यानसेन की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़ा। रिकेल्टन ने जेवियर बार्टलेट की गेंदों पर भी एक छक्का और चौका लगाया। रोहित शर्मा ने भी बार्टलेट पर शानदार छक्का जमाया।

मुंबई ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 59 रन बना लिए। हालांकि इसके बाद रिकेल्टन उमरजई की गेंद पर प्रियांश आर्य को कैच थमा बैठे। नमन धीर (9) ने आते ही उमरजई पर छक्का लगाया लेकिन यानसेन की गेंद पर अर्शदीप सिंह को कैच दे बैठे।

© BCCI

रोहित शर्मा भी 25 रन बनाकर युजवेंद्र चहल की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद तिलक वर्मा ने बार्टलेट पर लगातार दो चौके जड़कर रन गति बनाए रखी। मुंबई का स्कोर 12वें ओवर में 100 रन के पार पहुंचा। अंतिम पांच ओवरों में टीम को जीत के लिए 72 रन चाहिए थे।

तिलक वर्मा ने चहल के ओवर में एक छक्का और चौका लगाकर रन गति तेज की, जबकि रदरफोर्ड ने भी इसी ओवर में छक्का जड़ा। उमरजई ने रदरफोर्ड को बार्टलेट के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोडा। इस ओवर में केवल दो रन बने। तिलक ने 18वें ओवर में यानसेन की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर भी छक्का लगाया। मुंबई को अंतिम दो ओवरों में जीत के लिए 28 रन चाहिए थे।

विल जैक्स ने अर्शदीप सिंह पर छक्का और चौका लगाकर ओवर से 13 रन बटोरे। आखिरी ओवर में मुंबई को 14 रन की जरूरत थी और गेंदबाजी की जिम्मेदारी बार्टलेट के पास थी। जैक्स ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया, जबकि तिलक वर्मा ने लगातार दो छक्के लगाकर मुंबई को शानदार जीत दिला दी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स को प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.3 ओवर में 50 रन जोड़े। प्रियांश ने दीपक चाहर पर चौके से खाता खोला, जबकि प्रभसिमरन ने मुंबई की कप्तानी कर रहे जसप्रीत बुमराह पर दो चौके लगाए। प्रभसिमरन को इस दौरान जीवनदान भी मिला जब स्लिप में नमन धीर ने उनका आसान कैच छोड़ दिया।

प्रियांश ने भी बुमराह पर दो चौके लगाए लेकिन चाहर की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद प्रभसिमरन ने शार्दुल ठाकुर का स्वागत लगातार तीन चौकों के साथ किया। उन्हें 28 रन के स्कोर पर दूसरा जीवनदान मिला जब कोर्बिन बॉश ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया। कूपर कोनोली ने आठवें ओवर में रघु शर्मा पर पारी का पहला छक्का लगाया और फिर विल जैक्स पर भी दो चौके जड़े। प्रभसिमरन ने रघु शर्मा पर लगातार दो छक्के लगाए और फिर बॉश पर छक्का तथा एक रन लेकर 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

पंजाब का स्कोर 11वें ओवर में 100 रन के पार पहुंचा। इसके बाद शार्दुल ठाकुर ने प्रभसिमरन और कप्तान श्रेयस अय्यर (4) को तीन गेंदों के भीतर आउट कर पंजाब को बड़ा झटका दिया। प्रभसिमरन ने शार्दुल पर छक्का लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में मिडविकेट पर बॉश को कैच दे बैठे।

श्रेयस अय्यर ने शार्दुल पर चौके से खाता खोला लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गए। राज बावा ने अगले ओवर में कूपर कोनोली को बोल्ड कर पंजाब का स्कोर चार विकेट पर 111 रन कर दिया। सूर्यांश शेडगे भी आठ रन बनाकर शार्दुल की गेंद पर बावा को कैच दे बैठे।

अजमतुल्लाह उमरजई ने बॉश पर छक्का लगाया, लेकिन इसी तेज गेंदबाज ने शशांक सिंह (2) को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। पंजाब ने 15 ओवर में छह विकेट पर 135 रन बना लिए थे। इसके बाद शार्दुल ने मार्को यानसेन (2) को भी पगबाधा आउट कर दिया। पारी के 18वें ओवर में उमरजई ने दीपक चाहर की लगातार गेंदों पर चौका और दो छक्के जड़े, लेकिन अगली गेंद पर विल जैक्स को कैच देकर पवेलियन लौट गए।

Related Articles

Back to top button