Trending

चारधाम यात्रा : ऑफलाइन पंजीकरण शुरू

हरिद्वार : उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का आगाज जनपद हरिद्वार से विधिवत रूप से हो गया है। यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से ऋषिकुल मैदान में स्थापित ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र पर शुक्रवार से तीर्थयात्रियों का पंजीकरण प्रारंभ कर दिया गया। सबसे पहले पंजीकरण का गौरव मध्य प्रदेश के शहडोल जनपद से आए सात सदस्यीय तीर्थयात्रियों के दल को प्राप्त हुआ।

 

इस दल में बिसाहू लाल विश्वकर्मा, मुन्नी विश्वकर्मा, प्यारेलाल विश्वकर्मा, रामदीन प्रजापति, दशरथ प्रजापति, शांति प्रजापति एवं पार्वती प्रजापति शामिल रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने अतिथि देवो भव की परंपरा का निर्वहन करते हुए तीर्थयात्रियों का फूल मालाओं एवं टीका-चंदन से भव्य स्वागत किया। अधिकारियों ने यात्रियों की मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए शुभकामनाएं भी दीं।ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र पर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां तीर्थयात्रियों के लिए सुव्यवस्थित पंजीकरण, बैठने, पेयजल, सुरक्षा और स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण और स्क्रीनिंग भी सुनिश्चित की जा रही है। तीर्थयात्रियों में इस दौरान खासा उत्साह देखने को मिला। पंजीकरण केंद्र पर विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और लगातार चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा रहे हैं।

 

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button