प्रभसिमरन-अय्यर की जुगलबंदी ने छीनी मुंबई से जीत, डिकॉक का सैकड़ा बेकार
प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर के अर्धशतक से क्विंटन डिकॉक के तेजतर्रार शतक पर पानी फेरते हुए पंजाब किंग्स आईपीएल लीग में गुरुवार को यहां मुंबई इंडियन्स को सात विकेट से हराकर अंक तालिका के शीर्ष पर पहुंच गई।
पंजाब किंग्स मुंबई के 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रभसिमरन की नाबाद 80 रन की पारी की और कप्तान श्रेयस अय्यर (66 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी से 198 रन बनाकर आसान जीत दर्ज करने में सफल रही।
इस जीत से एकमात्र अजेय टीम पंजाब पांच मैच में नौ अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई। मुंबई इतने ही मैच में दो अंक के साथ नौवें स्थान पर है।

इससे पहले मौजूदा सत्र में अपना पहला मैच खेल रहे डिकॉक ने नाबाद 112 रन की पारी खेलने के अलावा नमन धीर (50 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 122 रन की साझेदारी की जिससे मुंबई इंडियन्स ने 195 रन बनाए। ये दोनों उस समय साथ आए जब टीम 12 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद संकट में थी। पंजाब से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने तीन विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रियांश आर्य (15) ने दीपक चाहर के पहले ओवर में लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन स्पिनर अल्लाह गजनफर (दो विकेट) की गेंद पर चाहर को कैच थमा दिया। सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह 11 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब कप्तान हार्दिक पंड्या की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर जसप्रीत बुमराह ने उनका कैच टपका दिया।
कूपर कोनोली ने इसी ओवर में चौका और छक्का मारा। कोनोली (17) ने गजनफर पर भी छक्का जड़ा लेकिन एक गेंद बाद विकेटकीपर डिकॉक को कैच दे बैठे। पंजाब ने पावर प्ले में दो विकेट पर 61 रन बनाए। चाहर के पारी के पहले ओवर में दो चौकों के साथ शुरुआत करने वाले प्रभसिमरन ने आठवें ओवर में भी इस तेज गेंदबाज की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा।

प्रभसिमरन ने 10वें ओवर में पंड्या पर लगातार दो चौके मारे जिससे ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा हुआ। शार्दुल पर लगातार दो चौकों के साथ प्रभसिमरन ने अगले ओवर में 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। अय्यर ने भी शार्दुल के इस ओवर में छक्का मारा और फिर अगले ओवर में बुमराह पर चौका और छक्का जड़ा। उन्होंने बुमराह के अगले ओवर में दो चौकों के साथ 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
पंजाब को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 24 रन की दरकार थी। अय्यर ने शार्दुल पर लगातार दो छक्के जड़े लेकिन अगली गेंद पर नमन ने उनका शानदार कैच लपका। प्रभसिमरन ने हालांकि मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 10) के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
इससे पहले अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। अर्शदीप ने तीसरे ओवर में रेयान रिकेल्टन (02) और सूर्यकुमार यादव (00) को लगातार गेंदों पर पवेलियन भेजा। रिकेल्टन ने अर्शदीप की गेंद को बाउंड्री पर शशांक सिंह के हाथों में खेला और इस तेज गेंदबाज का 100वां आईपीएल शिकार बने। अगली गेंद पर सूर्यकुमार भी शॉर्ट थर्ड मैन पर युजवेंद्र चहल के हाथों लपके गए।
डिकॉक ने मौजूदा टूर्नामेंट की अपनी पहली गेंद पर मार्को यानसेन (एक विकेट) पर छक्का जड़ा जबकि नमन ने जेवियर बार्टलेट पर चौका मारा। नमन 10 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब चहल ने यानसेन की गेंद पर शॉर्ट फाइन लेग पर उनका आसान कैच टपका दिया।
विजयकुमार वैशाक का स्वागत नमन ने दो चौकों और एक छक्के के साथ किया और पावर प्ले में मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 48 रन तक पहुंचाया। नमन और डिकॉक ने अगले ओवर में चहल पर छक्के मारे। डिकॉक ने चहल पर छक्के और एक रन के साथ 28 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
डिकॉक ने बार्टलेट की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ 11वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। नमन ने भी शशांक (एक विकेट) की गेंद पर एक रन के साथ 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन इस तेज गेंदबाज की अगली गेंद को लॉन्ग ऑफ पर बार्टलेट के हाथों में खेल गए।
डिकॉक ने बार्टलेट पर चौके के साथ 53 गेंद में अपना तीसरा आईपीएल शतक पूरा किया। पंड्या (14) ने यानसेन पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर शानदार कैच का शिकार बने। उन्होंने अगली गेंद को भी सीधा खेला जो छह रन के लिए जा रही थी लेकिन अय्यर ने गेंद को लपका और बाउंड्री से बाहर जाने से पहले बार्टलेट की ओर उछाल दिया जिन्होंने कैच पकड़ा।



