Trending

मेस्सी पर 7 मिलियन डॉलर कॉन्ट्रैक्ट उल्लंघन का आरोप, मियामी में कानूनी विवाद

अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी एक कानूनी विवाद में उलझ गए हैं। मियामी की इवेंट कंपनी वीआईडी म्यूजिक ग्रुप ने मेसी और अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन के खिलाफ मुकदमा दायर किया है।

यह मामला पिछले साल अक्टूबर में मियामी के हार्ड रॉक स्टेडियम में हुए अर्जेंटीना बनाम वेनेजुएला फ्रेंडली मैच से संबंधित है। कंपनी का आरोप है कि मेसी ने उस लगभग 7 मिलियन डॉलर के कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन किया, जो इस मैच में उनकी भागीदारी के लिए किया गया था।

समझौते के अनुसार उन्हें कम से कम 30 मिनट तक मैदान पर उतरना था, जब तक कि वे चोटिल न हों। लेकिन मेसी ने इस मैच में हिस्सा नहीं लिया और स्टेडियम के एक लग्जरी सुइट से मैच देखते रहे। कंपनी का दावा है कि मेसी की अनुपस्थिति के कारण टिकट बिक्री, स्पॉन्सरशिप और ब्रॉडकास्टिंग रेवेन्यू पर बड़ा नकारात्मक असर पड़ा, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

साभार : गूगल

वीआईडी म्यूजिक ग्रुप के वकील राल्फ पैटिनो के मुताबिक, मेसी की मौजूदगी इस डील की एक अहम शर्त थी और यह सीधे तौर पर मैच की व्यावसायिक सफलता से जुड़ी थी। कंपनी ने अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन के साथ वेनेजुएला और प्यूर्टो रिको के खिलाफ दो फ्रेंडली मैचों के प्रमोशन का समझौता किया था।

दिलचस्प बात यह है कि वेनेजुएला के खिलाफ मैच में नहीं खेलने के बावजूद मेसी अगले ही दिन मेजर लीग सॉकर में अपनी टीम इंटर मियामी सीएफ के लिए मैदान पर उतरे और अटलांटा के खिलाफ 4-0 की जीत में दो गोल किए। इसके अलावा उन्होंने प्यूर्टो रिको के खिलाफ खेले गए दूसरे फ्रेंडली मैच में भी हिस्सा लिया।

प्यूर्टो रिको वाला मैच पहले शिकागो में आयोजित होना था, लेकिन टिकट बिक्री कम होने के कारण इसे मियामी में स्थानांतरित करना पड़ा। बाद में टिकटों की कीमत घटाकर 25 डॉलर तक करनी पड़ी। AFA ने इसके लिए इमिग्रेशन से जुड़ी समस्याओं को जिम्मेदार बताया।

अपनी कप्तानी में अर्जेंटीना को पिछली बार विश्व चैंपियन बनाने वाले मेसी अब फीफा विश्व कप 2026 की तैयारी कर रहे हैं। उनकी उम्र को देखते हुए यह माना जा रहा है कि यह उनका आखिरी विश्व कप हो सकता है।

Related Articles

Back to top button