दूरदर्शन (प्रसार भारती) ने भारतीय सांस्कृतिक सामग्री की वैश्विक पहुंच बढ़ाने के लिए आईसीसीआर के साथ किया समझौता

भारत की सांस्कृतिक कूटनीति और वैश्विक पहुंच को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, दूरदर्शन (प्रसार भारती) ने हाल ही में नई दिल्ली स्थित दूरदर्शन भवन में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। एमओयू पर दूरदर्शन के महानिदेशक के. सतीश नंबूदिरीपाद और आईसीसीआर की महानिदेशक श्रीमती के. नंदिनी सिंगला ने दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए। इस समारोह में दूरदर्शन (प्रसार भारती) और आईसीसीआर के अधिकारी भी उपस्थित थे।
इस साझेदारी का मकसद दूरदर्शन (प्रसार भारती) के व्यापक टेलीविजन, रेडियो और डिजिटल नेटवर्क के ज़रिए आईसीसीआर द्वारा उपलब्ध कराई गई सांस्कृतिक सामग्री की पहुंच को बढ़ाना है। इसमें विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों और भारतीय सांस्कृतिक केंद्रों द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम, साथ ही आईसीसीआर मुख्यालय और भारत भर में स्थित इसके क्षेत्रीय और क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा संचालित कार्यक्रम शामिल हैं।



