शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में बने तनाव के शांतिपूर्ण समाधान के लिए चल रही कोशिश का असर घरेलू शेयर बाजार में भी नजर आ रहा है। इस कोशिश की वजह से आज शुरुआती कारोबार के दौरान बाजार में मजबूती का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद लिवालों और बिकवालों के बीच एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। हालांकि अभी तक के कारोबार में लिवालों का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.94 प्रतिशत और निफ्टी 0.92 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
आज सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से श्रीराम फाइनेंस, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, जियो फाइनेंशियल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 2.78 प्रतिशत से लेकर 1.69 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, सन फार्मास्युटिकल्स, इंफोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 2.94 प्रतिशत से लेकर 1.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,693 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,441 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 252 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 24 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर छह शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 41 शेयर हरे निशान में और नौ शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 489.36 अंक यानी 77,121.01 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स 77,360.51 अंक के स्तर तक पहुंचा। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर इसने 76,851.16 अंक के स्तर तक गोता भी लगाया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 717.33 अंक की उछाल के साथ 77,348.98 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 105.45 अंक उछल कर 23,880.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 23,998.25 अंक के स्तर तक आ गया। वहीं, बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक 23,856.35 अंक के स्तर तक गिर भी गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 219.40 अंक की तेजी के साथ 23,994.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 931.25 अंक यानी 1.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,631.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 222.25 अंक यानी 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,775.10 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।



