Trending

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर का बुरे दिनों का आगाज, आईपीएल इतिहास में दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

अजिंक्य रहाणे की अगुवाई वाली कोलकाता नाइट राइडर्स का आगाज आईपीएल 2026 में निराशाजनक रहा है। केकेआर को सीजन-19 के पहले दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा। केकेआर की इस खराब शुरुआत के बाद अजिंक्य रहाणे की कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं।

पिछले सीजन केकेआर ने उन्हें कप्तान बनाया था। आईपीएल 2025 में कोलकाता का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था, उन्होंने 14 में से 5 ही मैच जीते थे, वहीं 7 हारे थे और 2 के नतीजे नहीं निकल पाए थे। वह पॉइंट्स टेबल में 8वें पायदान पर रही थी। अब आईपीएल 2026 में लगातार 2 हार के बाद अजिंक्य रहाणे के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। वह आईपीएल के इतिहास में बतौर भारतीय सबसे नाकामयाब कप्तान बन गए हैं।

आईपीएल में कम से कम 20 मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो, अजिंक्य रहाणे का विन पर्सेंटेज 35.89 का रहा है, जो किसी अन्य भारतीय कप्तान के मुकाबले सबसे कम है। रहाणे ने इस लिस्ट में शिखर धवन को पछाड़ा है, जिनका आईपीएल में विन पर्सेंटेज 37.03 का रहा है।

साभार : गूगल

वहीं बात ऑलओवर आईपीएल में कप्तान के तौर पर सबसे खराब जीत के प्रतिशत की करें तो रहाणे से ऊपर इस लिस्ट में दो विदेशी खिलाड़ी हैं। ये दोनों विदेशी खिलाड़ी श्रीलंका से है। कुमार संगाकारा और महेला जयवर्धने का आईपीएल में विन पर्सेंटेज अजिंक्य रहाणे से भी घटिया रहा है।

हालांकि रहाणे इसी तरह बतौर कप्तान मैच हारते रहे तो वह इसी सीजन इन दोनों को भी पछाड़ सकते हैं। बता दें, 14 साल बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ ऐसा हुआ है जब उन्होंने सीजन की शुरुआत पहले दो मैच हारकर की हो। इससे पहले ऐसा 2012 में हुआ था।

आईपीएल में कप्तान के तौर पर सबसे खराब जीत का प्रतिशत (कम से कम 20 मैच)

34.04 – कुमार संगकारा

35.00 – महेला जयवर्धने

35.89 – अजिंक्य रहाणे

37.03 – शिखर धवन

39.13 – शेन वॉटसन

40.00 – रुतुराज गायकवाड़

40.47 – सौरव गांगुली

41.17 – सुरेश रैना

42.85 – रवि अश्विन

43.47 – ज़हीर खान

45.83 – राहुल द्रविड़

बात मैच की करें तो, सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस हारने के बावजूद दमखम दिखाया और पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 226 रन बोर्ड पर लगाए।

ट्रैविस हेड (46) और अभिषेक शर्मा (48) ने तूफानी शुरुआत देते हुए 5.4 ओवर में पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े। हालांकि दोनों बल्लेबाज अर्धशतक से चूक गए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने नंबर-4 पर आकर 52 रनों की शानदार पारी खेली, उनका साथ नीतिश कुमार रेड्डी ने 39 रन बनाकर दिया। दोनों के बीच 5वें विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी हुई।

इस स्कोर का पीछा करने उतरी केकेआर की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं टिक पाई। हैदराबाद ने 16 ओवर में उन्हें 161 के स्कोर पर समेट दिया। जयदेव उनादकट ने 3 तो नीतिश कुमार रेड्डी ने 2 विकेट चटाके। रेड्डी को उनके ऑलराउंड परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। अंगक्रिश रघुवंशी ने 52 रनों की शानदार पारी खेली।

Related Articles

Back to top button