Trending

क्लासेन की फिफ्टी, रेड्डी का ऑलराउंड शो, हैदराबाद के आगे केकेआर बेबस

क्लासेन की फिफ्टी, रेड्डी का ऑलराउंड शो, हैदराबाद के आगे केकेआर बेबस

हेनरिच क्लासेन (52) के जुझारू अर्धशतक और नीतिश कुमार रेड्डी (दो विकेट, 39 रन) के हरफनमौला खेल से सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल टी20 मैच में गुरुवार को यहाँ कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से मात देकर मौजूदा सत्र में जीत का खाता खोला।

सनराइजर्स ने आठ विकेट पर 226 रन बनाने के बाद जयदेव उनादकट (21 रन, तीन विकेट), इशान मलिंगा (14 रन, दो विकेट) और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रेड्डी (17 रन, दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी से केकेआर की पारी को 16 ओवर में 161 रन पर समेट दिया। केकेआर की यह दो मैचों में दूसरी हार है।

केकेआर के लिए अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में 52 रन बनाए, रिंकू सिंह ने 25 गेंदों में 35 रन का योगदान दिया। फिन ऐलन ने सात गेंदों में 28 रन बनाए, लेकिन उनकी तेज पारी का फायदा उठाने में टीम नाकाम रही। क्लासेन ने 35 गेंदों में 52 रन बनाने के अलावा रेड्डी (24 गेंदों में 39 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 53 गेंदों में 82 रन की साझेदारी कर पारी को संवारा।

© Associated Press

ट्रैविस हेड ने 21 गेंदों पर 46 रन की विस्फोटक पारी खेलकर लय में वापसी की, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 48 रन ठोके। दोनों ने पहले विकेट के लिए 34 गेंदों में 82 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। केकेआर के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी ने चार, जबकि वैभव अरोड़ा ने दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए ऐलन ने शुरुआती ओवर में डेविड पेन के खिलाफ तीन चौकों और दो छक्कों के साथ शानदार शुरुआत दिलाई। दूसरे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए हर्ष दुबे ने अपनी ही गेंद पर कैच लपककर ऐलन की सात गेंदों में 28 रन की पारी का अंत किया।

क्रीज पर आए अंगकृष रघुवंशी ने अभिषेक शर्मा के खिलाफ दो छक्के और जयदेव उनादकट के खिलाफ दो चौके जड़कर आक्रामक तेवर दिखाए, लेकिन दूसरे छोर पर कप्तान अजिंक्य रहाणे संघर्ष करते नजर आए। वह उनादकट की गेंद पर इशान मलिंगा को कैच दे बैठे।

कैमरन ग्रीन (दो) भी रघुवंशी के साथ तालमेल की कमी के कारण रन आउट हो गए, जिससे पावरप्ले में टीम का स्कोर तीन विकेट पर 74 रन हो गया। रघुवंशी ने 10वें ओवर में एक रन लेकर 27 गेंदों में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया।

रिंकू सिंह ने इसके बाद आक्रामक रुख अपनाते हुए चौके जड़े, लेकिन रघुवंशी अपनी पारी को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके और रन आउट हो गए। रेड्डी ने गेंदबाजी पर आते ही अनुकूल रॉय को खाता खोले बिना आउट किया और फिर रिंकू सिंह को भी पवेलियन भेजा।

सुनील नारायण ने क्रीज कदम रखते ही लगातार दो छक्के जड़े, लेकिन इशान मलिंगा ने अपनी धीमी गेंद पर उन्हें फंसा लिया। मलिंगा ने इसके बाद रमनदीप सिंह (10) को आउट किया, जबकि उनादकट ने लगातार गेंदों पर दो विकेट लेकर सनराइजर्स को बड़ी जीत दिलाई।

कप्तान रहाणे के गेंदबाजी करने के फैसले के बाद केकेआर के अनुभवहीन आक्रमण के खिलाफ हैदराबाद ने शुरुआत में ही लगभग 15 रन प्रति ओवर की रफ्तार से रन बनाकर लय पकड़ ली।

कार्तिक त्यागी ने छठे ओवर में खतरनाक हेड को आउट कर इस आक्रामक साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद मुजरबानी ने तीन गेंदों में दो विकेट लेकर मैच का रुख पलटने की कोशिश की। उन्होंने कप्तान इशान किशन (14) और क्रीज पर समय बिता चुके अभिषेक को पवेलियन भेजा।

सनराइजर्स आठ ओवर में एक विकेट पर 110 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में थी, लेकिन इसके बाद उनकी पारी अचानक लड़खड़ा गई। टीम ने महज सात रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए। छठे गेंदबाजी विकल्प स्पिनर अनुकूल रॉय ने अनिकेत वर्मा (एक) को आउट कर सनराइजर्स पर दबाव और बढ़ा दिया।

सनराइजर्स ने सात गेंदों में तीन विकेट खो दिए। बाउंड्री रुकने और रनगति धीमी पड़ने के बीच क्लासेन और नीतिश कुमार रेड्डी को पारी संभालनी पड़ी। दोनों ने 53 गेंद में 82 रन की साझेदारी कर आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की नींव रखी।

वैभव अरोड़ा ने 19वें ओवर में रेड्डी का विकेट लेकर हैदराबाद की रफ्तार पर अंकुश लगाया, लेकिन क्लासेन के संयमित अर्धशतक ने टीम को 220 के पार पहुंचा दिया।

जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज मुजरबानी ने अंतिम ओवर में क्लासेन (35 गेंदों में 52) और शिवांग कुमार (चार) के विकेट लेकर अपने आंकड़े 41 रन पर चार विकेट कर लिए। इससे पहले शुरुआत में चार गेंदों में एक रन बनाने वाले हेड ने जल्द ही तेवर बदलते हुए अगली नौ गेंदों में पांच चौके और दो छक्के जड़कर पावरप्ले में रनगति करीब 15 प्रति ओवर पहुंचा दी।

वैभव अरोड़ा ने उन्हें पैर के पास गेंदबाजी कर रोकने की कोशिश की, लेकिन हेड पूरी लय में नजर आए। अच्छी उछाल और गति वाली पिच पर गेंद आसानी से बल्ले पर आ रही थी और हेड ने स्क्वायर लेग के ऊपर शानदार छक्का लगाया। केकेआर के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण की कलई एक बार फिर खुल गयी। सुनील नारायण को जल्दी गेंदबाजी पर लाया गया और एक मौका भी बना, लेकिन कप्तान रहाणे कैच तक नहीं पहुंच सके।

हेड शुरुआती ओवरों में हावी रहे, वहीं अभिषेक ने संयम दिखाने के बाद वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ एक ओवर में तीन चौके और एक छक्का जड़कर टीम को पांच ओवर में बिना किसी नुकसान के 71 रन तक पहुंचा दिया। चक्रवर्ती ने अपने पहले ओवर में 25 रन लुटाए।

इसके बाद इशान किशन ने भी कार्तिक त्यागी पर लगातार तीन चौके जड़कर आक्रामकता जारी रखी। नौवें ओवर में हालांकि मुजरबानी को गेंद सौंपने का फैसला निर्णायक साबित हुआ। इसमें रिंकू सिंह के शानदार क्षेत्ररक्षण ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहले डीप कवर-पॉइंट पर किशन का बेहतरीन कैच लपका और फिर अभिषेक के पुल शॉट पर भी अहम कैच पूरा किया।

क्लासेन और रेड्डी ने बीच के ओवरों में संभलकर खेलने के बाद आखिरी ओवरों में तेजी से रन जुटाकर सनराइजर्स को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया।

Related Articles

Back to top button